
Jamui: जमुई के चकाई थाना क्षेत्र के गुरूरबाद गांव में पुलिस मुखबिरी के शक में दो लोगों की हत्या कर दी गई. भाकपा माओवादियों के एक दस्ते ने मंगलवार देर रात दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी, वहीं इस हमले में एक महिला घायल हुई है.
चकाई के थाना प्रभारी चंदेश्वर पासवान ने बुधवार को बताया कि मंगलवार देर रात करीब आठ हथियारबंद माओवादियों के दस्ते ने घर में घुस कर बरमोरिया पंचायत के ग्राम कचहरी सचिव मोहम्मद उस्मान और उनके पड़ोसी मोहम्मद गुलाम की गोली मारकर हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि इस हमले में उस्मान की पत्नी सबरीन खातून को हाथ में गोली लगी है. उन्हें चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना को अंजाम देने के बाद माओवादियों का दस्ता मौके से फरार हो गया. लेकिन जाने से पहले उनकी ओर से मौके पर एक पर्चां छोड़ा गया, जिसमें लिखा है ‘पुलिस के लिए मुखबिरी करने का यही अंजाम होता है.’ पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है. थाना प्रभारी पासवान ने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है.
इसे भी पढ़ेंः महागठबंधन छोड़ने पर बोले नीतीशः जब जरूरत थी तब राहुल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं लिया स्टैंड




