JharkhandLead NewsNEWSRanchi

आवंटित कृषि उपकरणों की मरम्मति के लिए तत्काल 30 युवकों को ट्रेंड करेगा कृषि विभाग, चयनितों को महीने भर की मिलेगा नि:शुल्क प्रशिक्षण

Ranchi: कृषि विभाग, झारखंड के मुताबिक किसानों, एसएचजी और अन्य सहायता समूहों को पिछले कुछ सालों से कृषि उपकरण बैंक की मदद से लाभ दिया जा रहा है. इसके तहत उन्हें ट्रैक्टर, मिनी ट्रैक्टर, ट्रैक्टर चालित यंत्र, पावर टीचर, रीपर पंप सेट, राईस हॉलर, कल्टीवेटर, डिक्स हैरो, सीड ड्रील कम फर्टिलाइजर इत्यादि उपकरण मुहैया कराए जाते रहे हैं. पर स्थानीय स्तर पर कृषि यंत्रों की मरम्मति के अभाव में इनका समुचित उपयोग करने में दिक्कत आ रही है. संबंधित निर्माता, सप्लायरों द्वारा मिस्त्री और मैकेनिक की उपलब्धता सभी ब्लॉक और ग्राम स्तर पर सुनिश्चित नहीं हो पा रही है. ऐसे में विभाग की संस्था जेएएमटीटीसी, रांची के द्वारा वित्तीय वर्ष 2022-23 में तत्काल 30 वांछित तकनीकी योग्यता वाले झारखंड के युवाओं को ट्रेंड किया जाएगा. 11 सितम्बर से शुरू होने वाला यह प्रशिक्षण 10 अक्टूबर तक रांची में चलेगा जो आवासीय और नि:शुल्क होगा. इस दौरान कृषि यंत्रों की विशेष मरम्मति, इसके परिचालन और रख रखाव की जानकारी दी जाएगी.

ऐसे होगा चयन

जेएएमटीटीसी, रांची के कार्यपालक निदेशक (कृषि अभियंत्रण) के मुताबिक प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए झारखंड राज्य के निवासियों को ही मौका मिलेगा. हर जिले से ऐसे युवाओं का चयन होगा जिनके पास आइटीआइ, पॉलिटेक्निक से फीटर, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कृषि इंजीनियरिंग में डिप्लोमा या इसके समकक्ष डिग्री होगी. इच्छुक प्रतिभागी अपने जिले के भूमि संरक्षण पदाधिकारी, भूमि संरक्षण सर्वे पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी या जिला उद्यान पदाधिकारी से अनुशंसा कराते सादे कागज पर जरूरी जानकारी के साथ अपनी आवेदन जमा करेंगे. आवेदन डाक द्वारा कृषि भवन, कांके रोड, रांची स्थित जेएएमटीटीसी के पते पर भेजने होंगे. इसे मेल [email protected] के जरिये भी भेजा जा सकता है.

इसे भी पढ़ें: सैनिक कल्याण निदेशालय और जिला सैनिक कार्यालयों के लिए सचिवालय सहायक, सैनिक कल्याण पदाधिकारी सहित दूसरे पदों पर होगी नियुक्ति

Related Articles

Back to top button