
Ranchi : जमशेदपुर के कदमा थाना पुलिस ने राजश्री एप के माध्यम से ऑनलाईन जुआ खेलानेवाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी लोगों को रुपये जीतने का लालच देकर ठगी करते थे. गिरफ्तार आरोपियों में कुश कुमार, दौलत घटक और सुजीत सेन के नाम शामिल हैं. सभी आरोपी जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. आरोपियों के पास से 16 हजार रुपये और दो मोबाईल पुलिस ने बरामद किये हैं. पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली कि कदमा थाना क्षेत्र के उलियान गांव स्थित हनुमान मंदिर के पीछे कई लोग जमा होकर मटका (जुआ) खेलने एवं खेलाने का काम कर रहे हैं. सूचना पर कदमा थाना गश्ती दल एवं टाईगर मोबाइल के पुलिस कर्मी ने उक्त स्थल पर छापामारी कर रंगे हाथ जुआ खेलते तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो मोबाइल एवं 16010 रुपये पुलिस ने बरामद किये. आरोपी ऑनलाईन प्ले राज श्री एप के माध्यम से जुआ खेलाते थे. आम जनता को रुपये जीतने का लालच देकर जुआ खेलने के लिए प्रेरित करते थे. इस संबंध में कदमा थाना (कांड संख्या-45/24) प्राथमिकी दर्ज कर तीनों गिरफ्तार आऱोपियों को जेल भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें – 15 लाख अवैध कोयला लोड ट्रक को निमियाघाट पुलिस ने किया जब्त, दो गिरफ्तार



