JharkhandLead NewsRanchi

स्कूलों की समय-सारणी में होगा बदलाव, शिक्षा सचिव के साथ झारखंड प्रदेश संयुक्त मोर्चा की बैठक में कई मामलों पर बनी सहमति

Ranchi : सरकार द्वारा संचालित स्कूलों की समय सारणी में बदलाव किये जायेंगे. समय में परिवर्तन को लेकर शिक्षा सचिव और झारखंड प्रदेश संयुक्त मोर्चा के बीच सहमति बनी. सोमवार को सचिव के रवि कुमार की ओर से बुलाई गयी बैठक में शामिल होकर मोर्चा के पदधारियों ने समस्याएं रखीं.

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी जयंत मिश्रा के आमंत्रण पर मोर्चा के सदस्य 29 मई, 2023 को बैठक में शामिल हुए. उक्त बैठक में विद्यालय की समय सारणी के अनुरूप वार्षिक कैलेंडर निर्माण पर शिक्षक प्रतिनिधियों की राय पर सहमति बनी.

कहा गया कि प्रत्येक शनिवार को विद्यालय स्तर पर बैगलेस डे के रूप में संचालित किया जा सकता है. मध्याह्न भोजन का समय प्रातः कालीन विद्यालय में 10.20 बजे और दिवाकालीन में 12.20 बजे निर्धारित किया गया है.

सचिव ने राज्य के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विकास कोष की राशि से स्वच्छ पेयजल व्यवस्था अथवा अन्य विकास के कार्य कराने के निर्देश दिये. मोर्चा द्वारा राज्य के मध्य विद्यालयों में विकास कोष की राशि बढ़ाने की मांग की गई. सचिव ने इस पर अपनी सहमति जताते हुए विकास कोष की राशि बढ़ाने की बात कही.

ई-विद्यावाहिनी के नये वर्जन 2.2.6 में मैनुअल व्यवस्था को पुनः बहाल करने की मांग पर सचिव ने असहमति जतायी. फलस्वरूप मोर्चा ने विभाग को उच्च न्यायालय के अधिवक्ता के माध्यम से लीगल नोटिस भेजने का निर्णय लिया है. मोर्चा का कहना है कि जेईपीसी निदेशक द्वारा 13 अप्रैल, 2023 का जारी आदेश झारखंड आधार आधारित बायोमेट्रिक नियमावली-2015 के नियमों का उल्लंघन है. उक्त आदेश नियमावली के अनुरूप विभागीय क्षेत्राधिकार के बाहर है.

बैठक में सचिव के रवि कुमार, प्रशासी पदाधिकारी जयंत मिश्रा, उप निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) शिवेंद्र कुमार, झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा के संयोजक विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरुण कुमार दास, अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष अनूप केसरी, वीनू विनीता, मिताली सरकार, बेतूल सहित कई शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे.

बैठक में विद्यालय की समय सारणी और वार्षिक कैलेंडर पर चर्चा हुई. तय हुआ कि स्कूल का प्रातः कालीन समय पूर्वाह 7 बजे से अपराह्न 1 बजे तक होगा. दीवाकाल में पूर्वाह्न 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक ही विद्यालय का संचालन किया जाएगा. सप्ताह में 2 दिन दो लगातार पीरियड में खेल की घंटी आयोजित की जायेगी.

इसे भी पढ़ें – सांसद गीता कोड़ा ने फिर गिट्टी खदानों और बालू घाटों की नीलामी की सरकार से की मांग, कहा- सरकारी योजनाओं पर पड़ रहा प्रभाव

Related Articles

Back to top button