
Special correspondent
Ranchi: कांटाटोली व सिरमटोली फ्लाईओवर को आपस में जोड़ने के लिए 1.25 किमी तक नया फोर लेन फ्लाईओवर बनाया जायेगा. करीब 39 नये पीलर बनेंगे. 213 करोड़ में इसकी स्वीकृति भी मिल गयी है. पथ निर्माण विभाग अब इसके निर्माण के लिए भू- अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ करेगा. इसके बाद टेंडर इत्यादि की प्रक्रिया पूरी कर काम प्रारंभ होगा. यह माना जा रहा है कि वर्ष 2025-26 तक यह काम पूरा हो पायेगा.
प्रस्तावित फ्लाईओवर बहुबाजार चौक से 120 मीटर पहले बालाजी फ्यूल्स एचपी पेट्रोल पंप के पास से शुरू होता है और पटेल चौक से पहले पंतजलि स्टोर के पास समाप्त होता है. यह फ्लाईओवर बहुबाजार के पास निर्माणाधीन कोकर- कांटाटोली- बहुबाजार फ्लाईओवर जिसका निर्माण जुडको करा है, को पटेल चौक के पास निर्माणाधीन मेकॉन- राजेंद्र चौक- सिरमटोली फ्लाईओवर जिसका निर्माण पथ निर्माण विभाग से करा रहे हैं उससे जुड़ेगा.
यह फ्लाईओवर पुराने हजारीबाग रोड पर प्रस्तवित है जो पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है. सिरमटोली जंक्शन पर वर्तमान पीक आवर ट्रैफिक 16,733 पीसीयू पर आवर है जो इस जंक्शन पर फ्लाईओवर के लिए आवश्यक 10000 पीसीयू, घंटा की सीमा से अधिक है. यह फोरलेन फ्लाईओवर लंबी दूरी के यातायात के लिए उपयोगी होगी.
कोकर, रामगढ़, हजारीबाग, कांटाटोली इत्यादि से आने वाले ओर नामकुम, डोरंडा, धुर्वा, बिरसा चौक आदि की ओर जाने वाले यातायात का आवागमन सिरमटोली चौक पर उतरे बिना एलिवेटेड फ्लाईओवर द्वारा किया जा सकेगा. कोकर-कांटाटोली जाने वाला यातायात जिसे सुजाता चौक या चुटिया, रेलले स्टेशन और बहुबाजार की ओर जाने के लिए बीच का रैंप का उपयोग करेंगे.
प्रस्तावित चार लेन फ्लाईओवर के निर्माण के बाद सिरमटोली जंक्शन पर यातायात की घनत्व 56 प्रतिशत कम हो जायेगी. इस प्रकार ट्रैफिक समस्या कम हो जायेगी और मौजूदा ग्रेड जंक्शन पर यातायात का भार कम हो जायेगा. जिससे सुरक्षित एवं सुगम यातायात हो सकेगा.
ऐसे खर्च की जायेगी राशि
प्रस्तवित फ्लाईओवर निर्माण में भू-अर्जन सहित 213.35 करोड़ की राशि खर्च होगी. इसमें सिर्फ भू-अर्जन में 25.59 करोड़, 4.03 करोड़ यूटिलिटी शिफ्टिंग, वाटर सप्लाई के यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए 20 करोड़ व बिजली के काम के लिए 20 करोड़ खर्च होगा. इस वित्तीय वर्ष 2023-24 में 4267.1972 लाख, 2024-25 में 12801.5916 लाख रुपये, 2025-26 में 4267.1982 लाख रुपये खर्च किए जायेंगे.




