
Ranchi: पलामू जिले में तीन दर्जन से अधिक बंदरों के शव बरामद हुए है. ये शव एक कुआं से बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि प्यास बुझाने के कारण यह हादसा हुआ है. प्यास बुझाने के लिए वे कुआं में नीचे उतरे थे और उनकी मौत हो गई. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. यह घटना पांकी थाना क्षेत्र के सोरठ की है. कल की शाम सोरठ गांव में कुछ चरवाहे जंगल में गए थे. इसी दौरान उन्हें कुछ दुर्गंध महसूस हुई. उन्होंने इधर-उधर देखा तो पास में ही एक कुआं दिखा, जिसमें से दुर्गंध आ रही थी. जब वे कुएं के पास गए तो देखा कि अंदर पानी पर बंदरों के शव पड़े थे. सभी बंदरों की मौत कब हुई, इसकी जानकारी किसी ग्रामीण को नहीं है. बंदरों की मौत के बाद वन विभाग के कर्मियों को मौके पर भेज दिया गया है. मामले की जांच की जा रही है.
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गांव से कुछ दूरी पर डैम है लेकिन उस डैम में पानी नहीं है. इलाके में पानी का संकट भी है. जिस कुएं में बंदरों की मौत हुई है, उसमें लोहे की छोटी-छोटी छड़ें लगी हुई हैं ताकि कुएं की सफाई की जा सके. बंदर कुएं से बाहर नहीं निकल पाए. जिस कारण सभी की मौत हो गई है. पलामू, गढ़वा, लातेहार समेत कई जिलों में गर्मी के कारण चमगादड़ व कबूतरों की मौत की घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं.




