
Ranchi: सोनी लिव पर दिखाई जा रही वेब सीरीज Scam 1992 द हर्षद मेहता स्टोरी ने लोकप्रियता का नया मुकाम हासिल किया है. यह वेब सीरीज IMDb (International Movie Database) के विश्व स्तरीय रेटिंग में टॉप की सीरीज में(9.6) शामिल हुई है. बिग बुल हर्षद मेहता के शेयर बाजार घोटाले पर आधारित इस वेब सीरीज में रांची के अभिनेता राजेश जैस ने भी अभिनय किया है. इसमें इन्होंने SBI के बैंक मैनेजर का रोल किया. राजेश इसके 3, 5 और 8 वें एपिसोड में नजर आयेंगे.
इसे भी पढ़ें: JPSC के चेयरमैन बनाये गये अमिताभ चौधरी, 2 साल तक देंगे सेवा
मशहूर फिल्म निर्देशक हंसल मेहता ने यह वेब सीरीज को डायरेक्ट किया है. हंसल ने शेयर बाजार की पेंचीदगियों को भी इतने सहज और सरल ढंग से दिखाया और बताया है कि वो आम दर्शकों को समझ में आ सके. यही वजह है कि यह भारत में बनी पहली वेब सीरीज है जिसने IMDb की विश्व सूची में 18 वां स्थान हासिल किया है.
खाना खजाना के समय था परिचय, पहली बार साथ काम किया
एक्टर राजेश जैस ने बताया कि हंसल मेहता से उनका परिचय काफी पुराना है. वे उनको उस समय से जानते हैं जब वे खाना खजाना धारावाहिक बना रहे थे. उनके साथ काम करके काफी अच्छा लगा. हंसल बहुत ही समझदार और सुलझे हुए डायरेक्टर हैं. वह कलाकारों पर पूरा भरोसा करते हैं. हंसल ने इससे पहले नेशनल अवार्ड विनिंग फिल्म शाहिद, अलीगढ़ और ओर्मेटा बनायी हैं.
इसे भी पढ़ें: हाइटेक पुलिसिंग का आम नागरिकों को मिलेगा लाभ, घर बैठे कर सकेंगे लोग शिकायतः डॉ वकारीब
शेयर मार्केट का बिग बी हर्षद मेहता
नब्बे के दशक में शेयर बाजार में हर्षद मेहता का जबरदस्त जलवा था. उस समय हर्षद को स्टॉक मॉर्केट का बिग बी कहा जाता था. उन्होंने अपनी अंगुली पर पूरे मार्केट को हिला दिया था. साल 1992 में जब स्कैम का खुलासा हुआ, तो उस वक्त भारत का सबसे बड़ा स्कैम बताया गया है. हर्षद मेहता ने शेयर मार्केट के कारोबार के नियमों की खामियों को पहचान कर उसका फायदा उठा कर करोड़ों रुपये का घोटाला किया था. अपने आप एक इंटरेस्टिंग कैरेक्टर है. उसके पास बेशुमार दौलत जमा हो गयी थी. दर्जनों विदेशी और महंगी कारों का काफिला उसके पास था.
शुचिता दलाल और देबाशीष बसु की किताब पर आधारित
यह वेब सीरीज शुचिता दलाल और देबाशिष बसु की किताब ‘हू वोन, हू लॉस्ट, हू गॉट अवे’ पर आधारित है. इससे पहले सेक्रेड गेम्स, बार्ड ऑफ़ ब्लड समेत कई अच्छी वेब सीरीज़ आ चुकी हैं, जो किताबों पर आधारित हैं.
प्रतीक गांधी बने हैं हर्षद मेहता
वेब सीरीज़ की स्टार कास्ट भी काफी आकर्षित करने वाली है. कोई बड़ा चेहरा नहीं है, लेकिन टलेंटेड एक्टर्स की कमी ही नहीं है. कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने बेहतर काम किया है. हर्षद मेहता का किरदार प्रतीक गांधी ने निभाया है. इसके अलावा श्रेया धनवंतरी, चिराग वोहरा, शरीब हाशमी, के.के रैना, रजत कपूर और सतीश कौशिक जैसे अभिनेता हैं.
इसे भी पढ़ें: खाना बनाने के दौरान विस्फोट कर गया रसोई गैस सिलिंडर, लाखों की संपत्ति का नुकसान




