
Giridih : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह पंचायत के रखाटांड गांव के एक कुएं से एक प्रेमी जोड़े का शव बरामद किया गया. सोमवार सुबह जब ग्रामीण खेत की जुताई करने जा रहे थे, तभी तेज बदबू आने के बाद कुएं में झांककर देखा तो उसमें लाश दिखी. ग्रामीणों ने कुएं में लाश होने की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंच पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लाश को बाहर निकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों की मानें तो दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और एक-दूसरे से शादी करना चाहते थे. लेकिन घरवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था. जिससे तंग आकर दोनों ने अपनी जान दे दी.
इसे भी पढ़ेंः पलामू: एएनएम से 80 हजार रूपये घूस लेते हेड क्लर्क गिरफ्तार
गुरुवार से लापता थे दोनों
परिजनों ने बताया कि युवक-युवती दोनों ही गुरुवार की रात से लापता थे. दोनों के लापता होने के बाद घरवाले ने दोनों की काफी खोजबीन की, मगर वे दोनों कहीं नहीं मिले. दोनों के बीच पिछले दो सालों से प्रेम-संबंध था. लेकिन परिवारवालों को ये रिश्ता मंजूर नहीं था.
दो महीने पहले हुई थी युवती की शादी
मिली जानकारी के अनुसार दिलीप हांसदा (22) और सोरो मुनी हेंब्रम (20) में पिछले दो साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. सोरो मुनी, रिश्ते में दिलीप हांसदा की बहन की ननद थी. दोनों में प्रेम-प्रसंग की जानकारी घरवालों को भी थी. लेकिन उन्हें दोनों की शादी से एतराज था. वही पिछले 19 मई को सोरो की शादी इसी गांव के अनिल हांसदा से कर दी गई. लेकिन शादी के बाद भी दोनों छुपकर मिलते रहे. इसकी जानकारी उसके पति को भी थी. इसी दौरान दोनों गुरुवार की रात घर से निकले और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी. हालांकि, पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है.




