
रांची : पाकुड़ जिले में पैनम कोल कंपनी के अवैध खनन के मामले से दायर जनहित याचिका की सुनवाई झारखंड हाइकोर्ट में हुई। मामले में हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने राज्य सरकार के शपथ पत्र पर नाराजगी जताते हुए पूछा कि पैनल कोल माइंस को लेकर डिविजनल कमिश्नर, दुमका की जांच रिपोर्ट के आलोक में राज्य सरकार ने क्या एक्शन लिया, इस शपथ पत्र में स्पष्ट नहीं किया गया है।
कोर्ट ने सरकार को फिर से शपथ पत्र दाखिल करने का निर्देश देते हुए पूछा है कि डिविजनल कमिश्नर, दुमका के 19 अक्टूबर 2015 के रिपोर्ट पर क्या एक्शन लिया गया इस पर विस्तृत शपथ पत्र दाखिल करें। इसके पूर्व सरकार की ओर से शपथ पत्र दाखिल कर बताया गया कि डिविजनल कमिश्नर के रिपोर्ट के आधार पर पाकुड़ के तत्कालीन डीसी के खिलाफ शो काज जारी किया गया। इस पर कोर्ट ने पूछा कि शो काज के बाद क्या कार्रवाई हुई, जिसका जवाब राज्य सरकार की अधिवक्ता नहीं दे सके। वही सरकार के शपथ पत्र में पैनल के द्वारा सीएसआर के तहत खर्च किए गए पैसों का विवरण सही तरीके से नहीं दिया गया था।
पूर्व की सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से दायर शपथ पत्र में बताया गया था कि प्रतिवादी पैनम कोल कंपनी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गयी है. सरकार ने 118 करोड़ रुपये की वसूली के लिए सर्टिफिकेट केस किया है. वहीं प्रार्थी की ओर से बताया गया था कि डिविजनल कमिश्नर दुमका की जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. उन्होंने बताया था कि यह रॉयल्टी का नहीं, बल्कि यह 999 करोड़ रुपये के अवैध खनन का मामला है. राज्य सरकार ने पूर्व में शपथ पत्र दायर कर अवैध खनन की बात स्वीकार भी की थी.
बता दें कि प्रार्थी अधिवक्ता राम सुभग सिंह ने जनहित याचिका दायर की है. इसमें उन्होंने कहा है कि वर्ष 2015 में पैनम कोल माइंस कंपनी को पाकुड़ व दुमका जिले में कोयला खनन का लीज मिला था, लेकिन उस पर यह आरोप है कि उसने लीज से अधिक कोयले का उत्खनन किया है. इससे सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है. मामले में जांच भी की गयी है, लेकिन उस जांच रिपोर्ट के आधार पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गयी है.




