
Ranchi: दुमका में 23 अगस्त 2022 को हुए दिल दहलाने वाली पेट्रोल कांड में नाबालिग अंकिता की हत्या कर दिए जाने मामले में झारखंड हाई कोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट ने केंद्र सरकार से पूछा है कि देवघर एम्स में बर्न वार्ड चालू है या नहीं? अगर नहीं है तो यह कब तक ऑपरेशनल होगा. कोर्ट ने केंद्र सरकार को इस पर 3 सप्ताह में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है. कोर्ट ने राज्य सरकार से भी पूछा है कि मामले में चार्जशीट दाखिल होने के बाद निचली अदालत में ट्राइल की वर्तमान स्थिति क्या है? केंद्र सरकार और एम्स , देवघर की ओर से अधिवक्ता प्रशांत पल्लव ने कोर्ट को बताया गया कि अभी देवघर, एम्स में बर्न वार्ड चालू नहीं है। कोर्ट ने मामले की सुनवाई 6 मई निर्धारित की है.
इसे भी पढ़ें: Big Breaking: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लीज आवंटन मामले में हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और ईडी से मांगा जवाब
बता दें कि 23 अगस्त 2022 को दुमका में हुए इस घटना के बाद 30 अगस्त 2022 को हाईकोर्ट ने मामले में स्वत संज्ञान लिया था. पूर्व की सुनवाई में कोर्ट ने मामले का अनुसंधान जल्द से जल्द करने और जल्द चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश डीजीपी को दिया था. साथ ही पीड़िता के परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने का भी आदेश दिया था. दरअसल, दुमका में 23 अगस्त की रात एक सनकी आशिक शाहरुख नाम के युवक ने एकतरफा प्यार में घर में सो रही 12वीं की छात्रा अंकिता को जिंदा आग के हवाले कर दिया था. जिसके बाद इलाज के दौरान रिम्स में उसकी मौत हो गई थी.




