JharkhandLead NewsRanchi

राज्यपाल से झूठ का पुलिंदा पढ़वाया गया : बिरंची नारायण

Ranchi : बजट सत्र के दूसरे दिन विधानसभा में भोजनावकाश के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा हुई. चर्चा में भाग लेते हुए भाजपा विधायक सह विपक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्यपाल से झूठ का पुलिंदा सदन में पढ़वाया. उन्होंने कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर विफल है. सरकार का पूरा सिस्टम भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है. कोई विभाग ऐसा नहीं है जहां भ्रष्टाचार की गंगोत्री नहीं बह रही हो. कहा कि मुख्यमंत्री के पास उद्योग विभाग है लेकिन उद्योग का स्वरूप बदल गया है. उद्योग तबादला का रूप ले लिया है. राज्य में अधिकारियों की बोली लगायी जा रही है. उन्होंने सवाल किया कि सरकार बताये कौन है वीरेंद्र राम, किन दो मंत्रियों का संरक्षण इन्हें प्राप्त है. कहा कि पूजा सिंघल, वीरेंद्र राम, प्रेम प्रकाश, अमित अग्रवाल, विभूति नारायण, पंकज मिश्रा को किसका संरक्षण प्राप्त है. सरकार नहीं बता सकती. क्योंकि इन सभी भ्रष्टाचारियों को सरकार का ही संरक्षण प्राप्त है. राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल है. राज्य के पुलिस, डॉक्टर, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं. सरकार मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है. रांची में हुए दंगा के आरोपी को एयरलिफ्ट करा कर इलाज कराया जाता है लेकिन दुमका की आदिवासी बेटी का इलाज सरकार नहीं करा सकी. कानून को मजाक बना कर रख दिया गया है.

सरकार के विकास कार्यों का आइना है राज्यपाल का अभिभाषण : सरफराज

झामुमो विधायक सरफराज अहमद ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार के विकास कार्यों का आइना है. कहा कि कोरोना महामारी की विषम परिस्थिति के बाद भी सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी से नहीं उतरने दिया. हर क्षेत्र में विकास के कार्य हो रहे हैं. कृषि के क्षेत्र में सरकार ने काम किया है. विकास दर में वृद्धि हुई. प्रति व्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है.

सरकार की सोच का प्रतिबिंब है राज्यपाल का अभिभाषण : प्रदीप यादव

विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि सरकार की सोच का प्रतिबिंब है राज्यपाल का अभिभाषण. कहा कि पूर्व की सरकार में सिर्फ गलत बातों को राज्यपाल से कहवाया जाता था लेकिन अब वही बात अभिभाषण में आती है जो सच है. कहा कि भाजपा की सरकार में अमीरों के लिए काम होता था लेकिन हमारी सरकार में गरीबों के लिए काम होता है. भाजपा में चंद अमीरों की बातें होती हैं.

इसे भी पढे़ं – कोर्ट में पेश हुए वीरेंद्र राम, ईडी को और 4 दिनों की रिमांड मिली

Related Articles

Back to top button