
Ranchi: राजभवन से ओटीसी ग्राउंड हेहल तक निकली “सरदार @150 पदयात्रा” (यूनिटी मार्च – एक भारत, आत्मनिर्भर भारत) को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं पदयात्रा में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री और ‘लौहपुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ पर आयोजित यह पदयात्रा राष्ट्रीय एकता, सेवा-भावना और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को जोड़कर जिस अखंड भारत की नींव रखी, वह उनकी दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अनुपम उदाहरण है।
राज्यपाल ने युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा MY Bharat द्वारा आयोजित विभिन्न आयोजनों—पदयात्राएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध एवं क्विज़ प्रतियोगिताएँ, “एक था सरदार” पॉडकास्ट और राष्ट्रीय रील प्रतियोगिता—को युवाओं में राष्ट्रभावना प्रबल करने वाली पहल बताया।
NSS, NCC, Scouts & Guides, MY Bharat Volunteers और विभिन्न संस्थानों के हजारों छात्र-छात्राओं की भागीदारी पर राज्यपाल ने कहा कि यह दिखाता है कि हमारा युवा वर्ग राष्ट्र-निर्माण के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं की एकजुटता और चरित्र पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि इसी माह की 9 तारीख को उन्होंने Statue of Unity का दर्शन किया और वहाँ देश-विदेश से आए लोगों में सरदार पटेल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की गहरी भावना देखने को मिली।
राज्यपाल ने कहा कि सरदार पटेल के आदर्शों को केवल स्मरण ही नहीं, बल्कि जीवन में आत्मसात किया जाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। अंत में राज्यपाल ने सभी उपस्थित लोगों को स्वदेशी अपनाने और नशामुक्ति की शपथ दिलाई।




