
Bermo : बेरमो अनुमंडल के ललपनिया में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फुटबॉल मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आनेवाले पांच वर्ष में हर गरीब परिवार को एक लाख रुपये महीने दिया जाएगा. उन्होंने विपक्ष को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि दो तीन महीने के बाद चुनाव में उन्हें पटकनी देंगे और झारखंड में इंडिया एलाइंस की सरकार फिर से बनाएंगे. उन्होंने आम जनता को आगाह करते हुए कहा कि बाहरी लोगों से सावधान रहें, वे यहां के लोगों को धर्म और अगड़ा पिछड़ा का नाम लेकर झगड़ा कराएंगे. वैसे लोगों से दूर रहना है. उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती वीर बिरसा मुंडा, सिद्धो कान्हो, विनोद बिहारी महतो की धरती है, यहां के लोग न गोली से न जेल जाने से डरते हैं. उन्होंने लोगों से कहा कि आपका समर्थन रहा तो वे हर परिस्थिति से लड़ने के लिए तैयार हैं. मौके पर मुख्यमंत्री ने मइयां सम्मान योजना की दूसरी क़िस्त की राशि ऑनलाइन जारी किया. मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारी सरकार लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है. हमारा लक्ष्य है कि लोगों को अपने दरवाजे पर जाकर सेवाएं प्रदान की जाएं.इसके पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर किया. मौके पर श्रम एवं परिवार कल्याण मंत्री सत्यानंद भोक्ता, महिला विकास विभाग मंत्री बेबी देवी, मंत्री इरफान अंसारी, गोमिया विधायक डॉ लंबोदर महतो,बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह,राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र महतो, रामगढ़ के पूर्व विधायक ममता देवी, झारखंड राज्य समन्वय समिति के सदस्य फागु बेसरा, बोकारो बीस सूत्री के उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल मौजूद थे.बोकारो डीसी विजया यादव ने पौधा और अंग वस्त्र देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया.मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन ऑनलाइन किया.मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का पूरा प्रयास है कि आपके दरवाजे पर जाकर योजनाओं का लाभ दे.यह सरकार रांची से नहीं आपके दरवाजे से चलेगी,इसलिए सरकार सहित अधिकारी और कर्मचारी आपके घर पर योजनाओं का लाभ दे रहे हैं.उन्होंने कहा कि जब उनका सरकार बना तो कोरोना काल की स्थिति सामने आ गई.गरीब राज्य होने के कारण राज्य के लोग बाहर काम करते थे. उन्हें लाने की जवाबदेही थी. कोराना काल में देश का पहला राज्य था कि प्रवासी मजदूरों को हवाई, रेलवे और बस से लाया गया. कोरोना काल से उबरे ही थे कि विपक्ष ने सरकार को परेशान करना शुरू किया. लेकिन यह सरकार झुकने वाली नहीं है.उन्होंने कहा कि जब हम सरकार में आए थे तब हमारा हुलिया कैसा था, लेकिन विपक्ष ने मेरी हुलिया को कैसे कर दिया है. झूठा आरोप लगाते रहे और अंत में नहीं सका तो जेल में डाल दिया, लेकिन जहां गरीब गुरुबा का आशीर्वाद है उसे कोई बाल बांका नहीं कर सकता है. आज इसी का नतीजा है एक बार फिर वे उनके बीच में है.उन्होंने योजनाओं के संबंध में कहा कि पहले गांव में दो चार बुजुर्ग लोगों को पेंशन मिलता था,लेकिन ऐसा कानून बना दिया है कि गांव के सभी बुजुर्गों को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है.इसके साथ-साथ आने वाली हमारी पीढ़ी हमारी बच्चियों को जो बोझ समझते थे उसे दूर कर दिया है. अब उनकी शादी के लिए नहीं सोचना है. उनकी पढ़ाई की जवाबदेही सरकार उठा रही है. उन्हें इंजीनियर और डॉक्टर और पत्रकार बनाएं. इसके लिए सावित्रीबाई फुले योजना के तहत और बच्चीयों को आर्थिक सहायता और आगे की पढ़ाई के लिए लोन दिया जाता है.झारखंड देश का पहला राज्य है जहां के बच्चों को सरकार अपने खर्च पर विदेश पढ़ने के लिए भेज रही है.झारखंड के लोगों को 200 यूनिट फ्री बिजली दिया जा रहा है, और पहले का जो बकाया बिजली बिल था, उसे माफ कर दिया.



