
Palamu : पांकी प्रखंड पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष और पांकी मध्य की जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी के पति अरुण कुमार सिंह का शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में फंदे से झूलता बरामद किया गया. अरुण कुमार सिंह ने यहां किराये का मकान ले रखा था. कमरे से दुर्गंध आने पर आस पास के लोगों की सूचना पर सदर थाना पुलिस शनिवार की देर शाम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो अरुण का शव फंदे पर लटका पाया. अरुण का शव अर्द्धनग्न अवस्था में पाया गया. शव को कब्जे में लेने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेज दिया है. मामले की छानबीन में जुट गई है.
बताया जाता है कि अरुण कुमार सिंह 8 जून की सुबह पांकी के तरवाडीह स्थित अपने पैतृक घर से निकले थे. उसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं चल पा रहा था. इस बीच उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई है. सूचना के बाद अरुण के परिजन एमआरएमसीएच पहुंच गए हैं. सदर थाना प्रभारी गौतम कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेज दिया गया है. अरुण ने आत्महत्या क्यों की, इसके लिए कई स्तरों पर छानबीन की जा रही है.
इसे भी पढ़ें – रिम्स में डॉक्टर और मरीज के परिजनों के बीच जम कर हुई मारपीट



