
Sasaram: जिले में डॉक्टर की लापरवाही से प्रसव के दौरान शुक्रवार को एक नवजात की मौत हो गई. घटना डेहरी थाना क्षेत्र के जख्खी बिगहा की है. बच्चे की मौत के बाद डॉक्टर समेत अन्य कर्मी क्लीनिक छोड़कर फरार हो गए. परिजनों ने आरोपी डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है. परिजनों ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक औरंगाबाद जिले के ओबरा निवासी बबलू कुमार ने अपनी पत्नी घनिता देवी को प्रसव के लिए डिहरी के जख्खी बिगहा स्थित किरण गुप्ता हॉस्पिटल में भर्ती कराया था. जहां महिला को प्रसव पीड़ा होने के बाद बिना डॉक्टर की मौजूदगी के क्लीनिक के कर्मियों ने प्रसव कराना शुरू कर दिया. परिजन बार बार डॉक्टर को बुलाने की गुहार लगाते रहे लेकिन कर्मियों ने उनकी एक नहीं सुनी. जिसके कारण प्रसव के दौरान बच्चे की मौत हो गई. जिसके बाद परिजनों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया. हालात को बिगड़ता देख निजी अस्पताल के कर्मी, नर्स तथा डॉक्टर अस्पताल छोड़कर भाग खड़े हुए. पीड़ित परिवार ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें : लोहरदगा में पुलिस ने हथियार का जखीरा किया बरामद, एलएमजी समेत कई अत्याधुनिक हथियार मिले




