
Ranchi: सीसीएल मुख्यालय, रांची में सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2023 के अंतर्गत तीन-दिवसीय ‘सतर्कता महोत्सव : कल्चरल फेस्टीवल’ का भव्य शुभारंभ हुआ. केन्द्रीय सतर्कता आयोग के दिशा-निर्देश पर 30 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है. इसी कड़ी में 01 नवम्बर से 03 नवम्बर तक सीसीएल मुख्यालय, रांची में यह महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य भ्रष्टाचार मुक्त समाज के विकास के लिए लोगों को जागरूक करना है. कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री राम बाबू प्रसाद, निदेशक (कार्मिक) श्री हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, सीवीओ श्री पंकज कुमार एवं अन्य गणमान्य उपस्थित थे. विभिन्न स्कूल के छात्रों ने अपने-अपने ‘स्कूल बैंड’ के साथ गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया. इस अवसर पर अतिथियों ने लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्पांजली अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सभी गणमान्यों द्वारा सतर्कता महोत्सव के पोस्टर का अनावरण कर सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरूआत की गयी. तदोपरांत निदेशकगण एवं सीवीओ ने गुब्बारे उड़ाकर सतर्कता का संदेश दिया.
निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री राम बाबू प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्यों को लेकर सजग, सतर्क एवं जागरूक रहना चाहिए. अपने कार्यनिष्पादन के दौरान हर कर्मी को सतर्कता अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभाते हुये अपनी कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए तभी हम एक भ्रष्टाचार मुक्त के सपनों का साकार कर सकते हैं. उन्होंने कार्यक्रम के भव्य आयोजन के लिए सतर्कता विभाग सहित अन्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की.
अवसर विशेष पर प्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना सुमेधा सेनगुप्ता ने मनमोहक प्रस्तुति देकर लोगों का दिल जीत लिया. इतना ही नहीं चित्रकार, श्री परम साह द्वारा लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की लाईव पेंटिंग को दर्शकों ने खुब सराहा. कार्यक्रम के प्रथम दिन स्ट्रिट पेंटिंग, लाईव पेंटिंग, ग्रुप बैंड, एकल देश भक्ति गीत, एकल नृत्य, ग्रुप डांस एवं रंगोली जैसे मनमोहक कार्यक्रम आयोजित किये गये. रांची के विभिन्न शिक्षण संस्थान एवं स्कूल के बच्चों ने बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. स्ट्रिट एवं लाईव पेंटिंग में विभिन्न रंगों एवं आकृतियों के माध्मय से बच्चों ने सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी का संदेश दिया. छात्रों ने देशभक्ति गीत का प्रदर्शन किया गया. तीन दिवसीय महोत्सव का संयोजन विभागाध्यक्ष (जनसम्पर्क), आलोक कुमार एवं उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है.




