
Chakradharpur: पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर के तरतरा गाँव में जैसे ही वीर शहीद पुलिस जवान रामदेव महतो का पार्थिव शरीर पहुंचा पूरा गाँव फफक फफक कर रोने लगा. रामदेव के माता पिता उनकी पत्नी सहित पुरे परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल था. किसी को यकीन ही नहीं हो रहा था की शहीद जवान रामदेव महतो अब इस दुनिया में नहीं रहा. गाँव में पूरी तरह मातम पसरा हुआ था.

वीर शहीद जवान के शव के मनोहरपुर बाज़ार पहुँचते ही उसे श्रद्धांजलि देने और उनका अंतिम दर्शन करने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. श्रद्धांजलि देने के बाद तरतरा गाँव तक लोगों ने वीर शहीद जवान के सम्मान में विशाल रैली निकाली. जिसमें बड़ी संख्या में लोग वाहन में सवार होकर शवयात्रा में शामिल हुए. इस दौरान लोगों ने जमकर “रामदेव महतो अमर रहे” के नारे भी लगाए.

शव के तरतरा गाँव पहुँचते ही पूरा गाँव गमगीन नजर आया. शहीद के माता पिता अपने बेटे को तिरंगे में लिपटा देख रो रहे थे. हालांकि उन्हें फख्र था कि बेटे ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए कर्तव्य पथ पर अपना बलिदान दिया है. पत्नी ने भी बेहद नम आंखों से अपने शहीद पति के शरीर से लिपटी नजर आई. इस मौके पर मंत्री जोबा माझी, पूर्व विधायक गुरुचरण नायक, डीएसपी, बीडीओ समेत अन्य अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, राजनेता और अन्य लोगों ने मौके पर पहुँचकर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी.

मालूम रहे की जमशेदपुर में शुक्रवार को चार बदमाशों का सामना करते हुए झारखण्ड पुलिस जवान मनोहरपुर निवासी रामदेव महतो गोली लगने से शहीद हो गए थे. रामदेव महतो ने 27 अप्रैल वर्ष 2012 को झारखण्ड पुलिस में योगदान दिया था. उनके पिता ने बताया की रामदेव महतो काफी मेहनती था. उसने झारखण्ड पुलिस की नौकरी भी अपनी क़ाबलियत और मेहनत से प्राप्त की थी. सरकारी नौकरी पाने के लिए वह निजी कंपनियों में मेहनत मजदूरी करता था. जब नौकरी लगी तो उसने अपनी दो बहनों की शादी करवाई. इसके बाद गाँव के झोपडी की जगह पक्के मकान का भी निर्माण कार्य शुरू किया जो अब अधुरा रह गया है. रामदेव महतो इकलौता बेटा था जो घर के भरण पोषण की जिम्मेदारी उठाता था. ऐसे कर्तव्यनिष्ठ बेटे के बहले जाने से माता पिता को गहरा अघात पहुंचा है. यह एक ऐसी अपूरणीय क्षति है जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता.





