Khunti

खूंटी की खबरें: पांच बच्चों की मां का शव कुएं से बरामद, सड़क दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी घायल

Khunti: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमझरिया गांव के एक कुंए से 40 वर्षीय विश्वासी नाम महिला का शव बरामद की है. सुनगी पंचायत के मुखिया विनोद भेंगरा ने बताया कि रविवार की शाम विश्वासी बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी. दूसरे दिन परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कुछ अता-पता नहीं चल पाया. बुधवार की शाम अमझरिया के गांव के पूरब में खेत में स्थित कुंए में ग्रामीणों ने महिला का शव तैरते देखा. ग्रामीणों ने सूचना मुखिया को दी और मुखिया ने पुलिस को. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. शव को कुंए से निकालकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतका के पांच छोटे-छोटे बच्चे हैं.

इसे भी पढ़ें: पूर्व केंद्रीय मंत्री, विधायक समेत 10 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे डोम्बारीबुरू, शहीदों को दी श्रद्धांजलि, किया नमन

सड़क दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी गंभीर, एक अन्य युवक रिम्स रेफर

खूंटी सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 75इ पर गुरुवार की शाम लगभग साढ़े चार बजे दो बाइक की सीधी टक्कर में पति दिनेश कश्यप की मौत हो गई और उनकी पत्नी रीना देवी और दूसरे बाइक पर सवार बिक्रम मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गए. दिनेश कश्यप खूंटी जिले के बेलांगी गांव के रहने वाले हैं. बिक्रम मुंडा खूंटी के गिरजाटोली में रहता है. घायल रीना देवी का इलाज केएस गंगा में चल रहा है, जबकि बिक्रम मुंडा का प्राथमिक इलाज सदर अस्पताल में करने के बाद रिम्स भेज दिया गया है.

योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर ध्यान दें : उपायुक्त

समाहरणालय के सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला योजना, एससीए, डीएमएफटी एवं अन्य वर्क्स एजेंसी के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त ने योजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर देते हुए कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। वहीं विशेष केंद्रीय सहायता राशि से संचालित सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। वैसे संवेदक जो कार्य में लापरवाही बरत रहे है और समय पर योजनाओं को पूर्ण नही कर रहे, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए ब्लैक लिस्ट करने का निर्देश दिया गया. बैठक के दौरान विभिन्न योजनाओं से संबंधित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई. उपायुक्त ने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों और एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा.

बैंक ऑफ इंडिया, आरसेटी में 32 दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

बैंक ऑफ इंडिया के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान खूंटी में 32 दिवसीय CRP EP प्रशिक्षण और 10 दिवसीय मुर्गी पालन प्रशिक्षण का समापन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. रांची से आए प्रशिक्षक राजेश कुमार और सुशील कुमार ने प्रतिभागियों को बैंकिंग और कौशल विकास से संबंधित गहन प्रशिक्षण प्रदान किया. प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना और उन्हें उद्यमिता के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना था. इसके तहत प्रशिक्षुओं को मुद्रा ऋण योजना की प्रक्रिया, लाभुकों के चयन, और लखपति दीदियों के निर्माण के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. मुर्गी पालन प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक बिनय कुमार ने प्रतिभागियों को टीकाकरण, नस्ल चयन, आवास प्रबंधन, और चारा प्रबंधन जैसे विषयों पर गहन जानकारी दी. सभी प्रशिक्षुओं के लिए केसीसी ऋण फार्म भरे गए ताकि वे आसानी से अपना व्यवसाय शुरू कर सकें.

41 एकड़ में लगे अफीम की फसल नष्ट

उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार, जिले में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया. इस अभियान के तहत आज अड़की समेत अन्य प्रखंड में अवैध अफीम की खेती को नष्ट करने की कार्रवाई की गई. गुरुवार को खूंटी सदर थाना क्षेत्र के भंडरा व जिलिंगा में पांच एकड़, अड़की के सेल्दा में 12 एकड़, सोयको के बाड़ी में 13 एकड़, मरांगहदा के डांगियादग में 6 एकड़ एवं मुरहू के गजगांव में करीब 5 एकड़ में लगे अफीम की फसलों को नष्ट किया गया.

सुनगी मुखिया ने किया पंचायत कार्यकारिणी की बैठक

कर्रा प्रखंड अंतर्गत सुनगी पंचायत में विकास कार्य को गति प्रदान करने व आमजनों की समस्याओं का समाधान को लेकर गुरुवार को सुनगी पंचायत सचिवालय में मुखिया विनोद भेंगरा की अध्यक्षता में बैठक हुई. बैठक में पंचायत के दस वार्ड सदस्यों, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक उपस्थित थे. बैठक में मुखिया विनोद भेंगरा ने पंचायत में चल रहे विकास कार्यों का समीक्षा करते हुए कहा की सभी योजनाओं को युद्ध गति में करके पुरा करें. साथ ही सर्वसम्मति से नये योजनाओं को पारित किया गया. मुखिया ने कहा की पंचायत में कोई भी पात्र वृद्ध-वृद्धा, दिव्यांग पेंशन योजना से वंचित ना रहें, इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए.

ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू

कर्रा प्रखंड में ग्राम पंचायत विकास योजना के तहत सहजकर्ता दल के सदस्यों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ, जिसका उदघाटन आकांक्षी प्रखण्ड कर्रा की बीडीओ स्मिता नगेशिया द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया. प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रखंड कार्यालय में प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया. जिसमें पंचायत विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी गई. प्रशिक्षण का उद्देश्य सदस्यों को ग्राम पंचायत विकास योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था.

मनेगा राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का वर्षगांठ

अयोध्या धाम स्थित प्रभु श्रीराम मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के प्रथम वर्षगांठ पर पौष शुक्ल द्वादशी (11 जनवरी) को खूंटी के प्रमुख मंदिरों में भव्य आयोजन होगा. पिछले वर्ष 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा हुआ था , किन्तु इस साल हिन्दू तिथि के अनुसार वही मुहूर्त 11 जनवरी को है. इस कारण उसी दिन पूरे भारत में श्री राम मंदिर का वर्षगांठ मनाया जा रहा है. यह जानकारी देते हुए विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार जायसवाल ने सभी सनातनियों से आग्रह किया है कि ग्यारह जनवरी को सपरिवार नजदीक के मंदिर में जा कर पूजा-अर्चना करें. घर में पकवान बनायें. संध्या काल में अपने-अपने घर के सामने 11 दीपक जलाएं और नजदीक के मंदिर जाकर सामूहिक भव्य आरती का हिस्सा बने.

Related Articles

Back to top button