
Gaya: जिले में अपराधी बेखौफ हो गए हैं. दिनदहाड़े रंगदारी नहीं मिलने पर पेट्रोल पंप में आग लगा दे रहे हैं और पुलिस डर के मारे मौके पर पहुंच नहीं रही है. ऐसा ही मामला बुधवार को सामने आया है. जहां देर रात अपराधियों ने कट्टा दिखाकर बाइक की टंकी फुल कराई. पैसे मांगने पर बोले- केके टाइगर के आदमी हैं, रंगदारी देनी होगी. पेट्रोल पंप कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. उस समय अपराधी चले गए, लेकिन दोबारा लौटे और पेट्रोल पंप में आग लगा दी.
रात को फिर पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस डर के मौके पर आई ही नहीं. जब सबकुछ जल गया तब बुधवार सुबह पुलिस पेट्रोल पंप पर पहुंची, जबकि थाना पेट्रोल पंप से एक किलोमीटर दूर है. घटना बांकेबाजार थाना क्षेत्र की है. पुलिस अपराधियों को नहीं पकड़ पाई है. पेट्रोल पंप के सभी चार नोजल पंप जल कर राख हो गए हैं. किसी तरह से पेट्रोल कर्मियों व ग्रामीणों ने आग पर पानी व रेत और आग बुझाने वाले उपकरण की मदद से आग पर काबू पाया.
ये भी पढ़े : दरभंगा में 79 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, SSP ने SI रैंक के अधिकारियों को सौपीं नई जिम्मेदारी
इस पर पेट्रोल कर्मियों ने पुलिस व आसपास के ग्रामीणों को सूचना दे दी. इस बात की भनक लगते ही अपराधी वहां से हथियार का भय दिखा कर आमस थाना क्षेत्र डेल्हो महापुर रोड की ओर भागने लगे. हालांकि ग्रामीणों ने डेल्हो महापुर रोड पर बोल्डर डाल कर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन अपराधी बाइक छोड़ कर भाग गए. भागने के दौरान किसी एक अपराधी का कट्टा सड़क के किनारे गिर गया. अपराधियों के भागने के बाद ग्रामीण व पुलिस दोनों यह सोच कर शांत हो गए अपराधी डर से भाग गए, लेकिन एक ऐसा नहीं था. करीब डेढ़ बजे रात को एक बार फिर वही बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए और पेट्रोल पंप के चार नोजल में एक साथ आग लगा दी. पेट्रोल पंप पर खड़ी एक बस और एक बाइक को आग के हवाले कर दिया.
ये भी पढ़े : Jharkhand: सब्सिडी पर खाद लेने वाले किसानों को भी दूसरी सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
पूरा पेट्रोल पंप धूं-धूं कर जल गया और बड़े ही इत्मीनान से अपराधी मौके से भाग गए जबकि घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर बांकेबाजार थाना स्थित है. थाना में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी है, लेकिन उसे थाना का चौखट पार कर घटनास्थल पर पहुंचने की हिम्मत नहीं हुई. रात भर पेट्रोल पंप के कर्मी और उसके मालिक व गांव वाले पुलिस का इंतजार करते रहे पर मौके पर कोई नहीं पहुंचा. सुबह बांकेबाजार पुलिस सक्रिय हुई.




