
Giridih : भाजपा सिर्फ साजिश कर सरकार को बदनाम करने का काम कर रही है और इसके लिए भाजपा सीबीआइ और ईडी का इस्तेमाल कर रही है. लेकिन सरकार अपने कामों से विपक्ष को जवाब देगी. बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गिरिडीह में आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के शुभारंभ करने के दौरान ये बातें कहीं. करीब 25 मिनट के संबोधन में सीएम ने कई बड़ी घोषणाएं कीं. साथ ही साथ भाजपा पर भी जम कर हमला बोला. भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष सिर्फ बयानबाजी से सरकार के इमेज को बदनाम करने का प्रयास कर रही है. खतियान और ओबीसी आरक्षण को लेकर सरकार द्वारा लिया गया निर्णय भाजपा को सही नहीं लग रहा है. ईडी और सीबीआइ से सरकार को डराया जा रहा है, लेकिन सरकार काम के माध्यम से भाजपा को जवाब दे रही है. कहा कि भाजपा की नीयत को समझना जटिल है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हमारा झारखंड ऊबड़ खाबड़ और पहाड़ों वाला राज्य है. कोई पहाड़ में ही रह कर जीवन यापन करता है. कई बार शिकायत आती है कि कोई अधिकारी नहीं जाते ऐसे स्थानों पर. इसी बात को ध्यान में रख कर आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत राज्य के 6 हजार स्थानों पर शिविर लगाया गया. जिसमें समस्याओं से जुड़े चालीस लाख से अधिक का आवेदन आये हैं. कहा कि एक संकल्प के साथ सरकार आगे बढ़ रही है. भाजपा ने जो झारखंड को जो जख्म दिया है उसे दूर करने में कुछ वक्त लगेगा.

उन्होंने कहा कि जो योजनाएं बनायी जाती थीं, उसमें भाजपा की सरकार बंदरबांट करती थी. एक-एक नागरिक को अब जागरूक होकर अपने घर ले जाना है. राज्य में गरीबों की संख्या सबसे अधिक है. खाना तो दूर तन ढंकने के लिए कपड़ा नहीं था. मजदूरों की संख्या अधिक है. इस राज्य के सबसे अधिक लोग दूसरे राज्यों में जाते थे. सभी को समान रूप से अब वृद्धा पेंशन देने की व्यवस्था की गयी है. किसी कार्ड का चक्कर नहीं रहने दिया गया है.
उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि करोड़ों की योजनाएं लेकर आये हैं. सावित्री स्मृद्धि योजना की शुरुआत करने जा रहे हैं, जिससे राज्य की नौ लाख लड़कियों को जोड़ा जायेगा. 18 साल तक की लड़कियों को चालीस लाख तक दिया जायेगा. कहा कि पच्चीस लाख बहाली निकाली जायेगी. एजुकेशन के मामले राज्य आगे बढ़ रहा है. अब सहिया और मजदूर के बेटे बीडीओ और सीओ बन रहे हैं. जिसे देखते हुए एससी एसटी के बच्चों को पढ़ाई के लिए नयी योजनाओं को लाने का प्रयास हो रहा है. कहा कि हर जिले में मॉडल स्कूल का निर्माण किया जायेगा. सरकारी स्कूलों के हालात में बदलाव लाते हुए अब अच्छे टीचर और हर स्कूल में एक चौकीदार रखने की व्यवस्था की जायेगी. झारखंड को बिरसा हरित सहित विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है. बैंकों को दुरुस्त किया जा रहा है. ताकि लोगों के काम आसानी से हो सकें. कर्ज लेने में भी कोई परेशानी न हो.
कहा कि पांच साल पहले धरना प्रदर्शन में कर्मियों और ग्रामीणों को उनका अधिकार लेने के लिए लाठी खाना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है. जो प्रयास दिशोम गुरु ने अलग राज्य के लिए शुरू किया था उसका सपना अब पूरा हो रहा है. वृद्धा पेंशन और कई योजना अब जनता तक जा रही है. पहले किसानों को समय पर खाद व बीज नहीं मिल पाता था. लेकिन अब किसानों को वक्त पर खाद बीज मिल रहा है, लेकिन बारिश नहीं हो रही है. इसलिए आने वाले समय में सरकार किसानों के लिए पानी की अलग से व्यस्था करने पर जोर देगी.
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सौ यूनिट बिजली फ्री में दी जा रही है. वहीं शहर में अब एक पेड़ लगाओ और प्रति पेड़ पांच यूनिट बिजली फ्री पाओ योजना शुरू की जायेगी. गिरिडीह में माइका कारोबार से जुड़े परेशानियों को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. हर आपदा और हाथी से मौत का मुआवजा अब चार लाख दिया जायेगा. परीक्षा में टॉप करने वाले सीबीएसई और आइसीएससी के बच्चों को भी तीन लाख, दो लाख और एक लाख की राशि दी जायेगी.
इसे भी पढ़ें – नक्शा विचलन मामले में दायर हस्तक्षेप याचिका पर हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान



