
Ranchi: टेंडर हार्ट विद्यालय का 35 वां स्थापना दिवस 17 जुलाई को धूमधाम से मनाया गया. दो दिवसीय वार्षिक समारोह के अंतर्गत पहले दिन 16 जुलाई (रविवार) को विद्यालय प्रांगण में विद्यालय की संस्थापिका गार्गी मंजू की स्मृति में हिंदी कवि सम्मेलन अयोजित किया गया था. वहीं दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन जिसका मुख्य थीम “ 80 मिनटों में दुनिया की सैर” रखा गया था.
विद्यालय के सभागार में आयोजित इस समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद महुआ माजी एवं टेंडर हार्ट के निदेशक सुधीर तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. बच्चों ने 80 मिनट में अनेक प्रस्तुतियां देकर पूरे विश्व की कला एवं संस्कृति से सभी से रू-ब-रू करवाया. विद्यालय के बच्चों ने स्पैनिश सॉन्ग, रशियन स्किट, जापानीज, अफ़्रीकन, इंडियन डांस प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं. वहीं जूनियर कक्षाओं के छोटे बच्चों ने आकर्षक फैशन शो प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया. टेंडर हार्ट की प्राचार्या उषा किरण झा ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट पेश की, जिसमें उन्होंने विगत वर्ष की सभी उपलब्धियां गिनायीं एवं विद्यालय की संस्थापिका स्मृतिशेष गार्गी मंजू के योगदान को भी याद किया. मौके पर वार्षिक परीक्षा के टॉपर्स एवं अनेक प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रौशन करनेवाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. मुख्य आतिथि महुआ माजी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरे विश्व में भारत की सभ्यता एवं संस्कृति को स्वीकार्यता मिल रही है एवं इसमें टेंडर हार्ट जैसे विद्यालय का योगदान सराहनीय है. उन्होंने बच्चों को शैक्षणिक के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के अनगिनत फायदे गिनाये. टेंडर हार्ट के निदेशक सुधीर तिवारी ने बताया कि महज़ 5 छात्रों से शुरू कर विगत 34 वर्षों में टेंडर हार्ट विद्यालय, हज़ारों विद्यार्थियों के सुनहरे विद्यार्थी जीवन का साक्षी रहा है. आज विश्व के अनेक देशों एवं शहरों में हज़ारों विद्यार्थी पूरे टेंडर हार्ट विद्यालय का मान सम्मान बढ़ा रहे हैं. आज का कार्यक्रम “80 मिनटों में दुनिया की सैर” हमारे सभी पूर्ववर्ती विद्यार्थियों एवं विभिन्न राष्ट्रों की सभ्यता, संस्कृति, कला एवं भाषा को समर्पित था. कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के उपनिदेशक वेदांत तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्रों एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया तथा विद्यार्थियों एवं विद्यालय के सुनहरे भविष्य की कामना की.
इसे भी पढ़ें – हाईकोर्ट ने आर्म्स एक्ट में दाहू यादव की अग्रिम जमानत याचिका की खारिज









