Jamshedpur

चोरों के लिए सॉफ्ट टारगेट है मंदिर, पहले भी बनाते रहे हैं निशाना

शहर की मंदिरों की सुरक्षा पर उठे सवाल, रंकिणी-भुवनेश्वरी और बड़ा हनुमान मंदिर को भी चोर बना चुके हैं निशाना

Rajkishor singh

Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर स्थित श्री शिव हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर करीब साढ़े चार लाख की चोरी की घटना से एक बार फिर शहर के मंदिरों की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. यह पहली घटना नहीं है. जब चोरों ने किसी मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया हो. इसके पहले चोर कदमा के प्रसिद्ध रंकिणी मंदिर के अलावा भुवनेश्वरी मंदिर और यहां तक कि मानगो के बड़ा हनुमान मंदिर समेत कई अन्य मंदिरों में चोरी की घटना को अंजाम दे चुके हैं. इनमें से शायद ही कोई घटना हो, जिसके खुलासे में अबतक पुलिस को सफलता मिली हो. इससे चोरों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है और वे एक के बाद एक विभिन्न क्षेत्रों में मंदिरों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इससे लोगों में गुस्से का माहौल है.

रंकिणी मंदिर के दानपेटी का ताला तोड़ 20 हजार ले उड़े थे चोर

करीब चार महीने पहले कदमा के रंकिणी मंदिर के दो दानपेटी का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 20 हजार रुपये की चोरी कर ली थी. घटना की जानकारी मंदिर कमेटी से जुड़े लोगों को सुबह तब मिली जब उन्होंने मंदिर खोला. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी थी. जांच में पता चला था कि चार युवकों ने मंदिर के पीछे के रास्ते से घुसकर घटना को अंजाम दिया था.

भुवनेश्वरी काली मंदिर से हुई थी सात गुंबद की चोरी

4 जुलाई की रात कदमा के ही भाटिया बस्ती स्थित भुवनेश्वरी काली मंदिर से सात गुंबदों की चोरी हो गई थी. मंदिर कमेटी सचिव जयंत डे और पुजारी परशुराम दास के मुताबिक गुंबद में कलश लगे हुए थे. मंदिर में सीसीटीवी भी है, लेकिन जिस ओर से गुंबद में लगे कलश की चोरी हुई थी. उस ओर सीसीटीवी में कुछ भी स्पष्ट नहीं आया था. चोरी गए सामानों की कीमत करीब 15 हजार आंके गए थे. घटना की शिकायत थाने में की गई थी. पुलिस अब भी मामले की जांच कर रही है.

पीपलाधारी हनुमान मंदिर में 5 हजार की चोरी

बीते 4 अगस्त को कदमा के शास्त्रीनगर ब्लॉक तीन में पीपलधारी हनुमान मंदिर की दान पेटी तोड़कर चोरों ने उसमें रखे पांच हजार रुपये की चोरी कर ली थी. साथ ही पंखा भी ले गए थे. इस घटना के बाद कदमा के भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं ने थाना पर प्रदर्शन भी किया था. वे क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को रोकने की मांग कर रहे थे.

मानगो बड़ा हनुमान मंदिर में हुई थी लाखों की चोरी

5 सितंबर की रात मानगो स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में चोरों ने लाखों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था. पुजारी के कक्ष का ताला खुला था. जिसे पाना और रॉड से तोड़कर चाभी निकाला गया था. उसके बाद चोरों ने घटना को अंजाम दिया था.

बागबेड़ा, सोनारी और बिष्टूपुर में हो चुकी है घटनाएं

बागबेड़ा की बात करें तो स्टेशन ओवर ब्रिज के निकट हनुमान मंदिर में एक माह पूर्व चोरों ने घटना को अंजाम दिया था. टेंपो से आए चोरों ने सब्जी वालों को भी धमकाया था. बिष्टूपुर और सोनारी थाना क्षेत्र में भी चोरी की कई घटनाएं घट चुकी है.

इसे भी पढ़ें- कदमा शिव-हनुमान व शीतला मंदिर में चोरी, प्रतिमाओं से सोने की आंखें भी निकाल ले गए चोर

Related Articles

Back to top button