
Patna: आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव इन दिनों पटना में हैं. लेकिन खबर ये है कि वो अपने घर नहीं जा रहे हैं. बल्कि उन्हें अपने लिए एक अदद घर की तलाश है. अलग बंगले को लेकर तेजप्रताप ने बिहार के भवन निर्माण मंत्री से आवास की मांग की है. निकट सहयोगियों का कहना है कि तेजप्रताप को नए बंगले के आवंटन का इंतजार है. मिली जानकारी के मुताबिक तेजप्रताप ने भवन निर्माण विभाग से टलर रोड स्थित दो नंबर बंगले की मांग की है. हालांकि, मंत्री माहेश्वर हजारी का कहना है कि विभाग केवल सेंट्रल पूल के बंगले को ही आवंटित करता है.
तलाक की बात पर अड़े तेजप्रताप
उल्लेखनीय है कि तेजप्रताप ऐश्वर्या राय से तलाक लेने के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं. तलाक की अर्जी देने के बाद से ही वो घर से बाहर रह रहे हैं. 27 दिनों के बाद तलाक अर्जी पर सुनवाई के लिए वो 29 नवंबर को पटना लौटे, लेकिन अब भी तेजप्रताप घर नहीं जा रहे हैं. माना जा रहा है कि लालू परिवार लगातार अपने बेटे को तलाक की अर्जी वापस लेने को मना रहा है. वही ऐश्वर्या भी राबड़ी आवास में ही रह रही हैं. शायद यही कारण है कि तेजप्रताप घर नहीं लौटना चाहते.
चिंतित है लालू परिवार
पटना में होते हुए तेजप्रताप के घर नहीं आने से लालू परिवार चिंतित है. परिजनों को चिंता हो रही है कि आखिर तेजप्रताप को घर से दूर रहने के बाद भी कोई आर्थिक रूप से मदद कर रहा है. साथ ही लालू परिवार इस बात का भी पता लगा रहे है कि आखिर वो कौन लोग हैं जो तेजप्रताप यादव की मदद कर रहे हैं. इधर राबड़ी आवास से लेकर पार्टी नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है.
इसे भी पढ़ेंःहाइकोर्ट भवन निर्माण मामलाः 15 दिनों से सीएमओ में दबी है 697.32…




