DhanbadJharkhand

साइबर पुलिस धनबाद ने दो शातिर साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार, 9 मोबाइल फोन व दस्तावेज बरामद

Dhanbad : साइबर अपराध के खिलाफ धनबाद पुलिस की जारी मुहिम को एक बड़ी सफलता गुरुवार की रात उस वक़्त हाथ लगी जब पूर्वी टुंडी की पुलिस टीम ने साइबर अपराध से जुड़े दो शातिर अपराधियों को तकनीक की मदद से रंगे हाथ धर दबोचा. पूर्वी टुंडी थाना की पुलिस टीम ने पूर्वी टुंडी के लटानी ग्राम के दास टोला में छापेमारी करते हुए दो साइबर अपराधियों को रंगे हाथ उस वक़्त गिरफ्तार किया जब वे ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे. दरअसल वरीय पदाधिकारी को गुप्त सूचना मिली कि लटानी ग्राम के दास टोला निवासी प्रेम प्रकाश दास साइबर अपराध की वारदात को अंजाम दे रहा है. सूचना के बाद पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित करते हुए गुरुवार की देर शाम लटानी स्थित प्रेम प्रकाश दास के घर पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान मौके से आरोपी प्रेम प्रकाश दास व उसके रिश्तेदार (साला) गोविंदपुर अपर बाजार निवासी संजय रविदास उर्फ़ बंटी को पुलिस की टीम ने उस वक़्त रंगे हाथ गिरफ्तार किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तलाशी के लिए स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील की. परन्तु कोई भी स्वतंत्र गवाह बनने को तैयार नहीं हुआ. जिसके उपरांत पु.अ.नि. राधे बाड़ा एवं पु.अ.नि. पगान मुर्मू को स्वतंत्र गवाह बनाकर जब कमरे की तलाशी ली गई. तो मौके से कुल 9 मोबाइल फोन, सिम कार्ड समेत एक बैकअप चार्जर को बरामद किया गया. तलाशी के दौरान ही पुलिस को मौके से कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बरामद हुए जिसमें सैकड़ों बैंक खातों, मोबाइल नंबर से जुडी जानकारी दर्ज है. दोनों आरोपी इन्हीं बैंक खातों से जुडी जानकारी के आधार पर ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम देते थे.

गिरफ़्तारी के बाद पुलिस द्वारा जांच में जानकारी हासिल हुई कि दोनों गिरफ्तार अपराधी पिछले कुछ समय से ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. दोनों अपराधियों ने साइबर ठगी की कई वारदतों को अंजाम देते हुए अब तक कई लोगों को अपना शिकार बनाया है. फिलहाल गिरफ्तार दोनों अपराधियों समेत कुल तीन व्यक्तियों के खिलाफ पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी द्वारा धारा 413/419/420/467/468/471/120बी भाoदoवि एवं 66B, 66C, 66D, आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.

इसे भी पढ़ें – चाईबासा: डीसी व एसपी ने मतगणना की तैयारियों का लिया जायजा, की समीक्षा बैठक

Related Articles

Back to top button