
Jamshedpur : बोड़ाम थाना अंतर्गत गेरुआ के पास वाटर प्लांट का संचालन करने वाले प्रभाकर साहू का रंगदारों से पीछा छूटता नजर नहीं आ रहा है. बीते दिनों ही अपराधियों ने रंगदारी की मांग को लेकर वाटर प्लांट के बाहर हवाई फायरिंग की थी. पुलिस ने फायरिंग की उस घटना के साथ अन्य घटनाओं का खुलासा करते हुए हथियार के साथ पांच लोगों को जेल भेज दिया है. बावजूद इसके अब प्रभाकर साहू से जेल में बंद विकास तिवारी के नाम पर रंगदारी की मांग को लेकर फोन पर धमकी मिलने का मामला सामने आया है. इस मामले में प्रभाकर साहू ने फोन नंबर 7034808708 और विकास तिवारी के खिलाफ थाना में मामला दर्ज कराया है. उसके मुताबिक शुक्रवार की शाम को उन्हे उस व्हाट्सएप नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले ने विकास तिवारी का नाम लेते हुए रंगदारी नही देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी. इससे प्रभाकर साहू के साथ उनका पूरा परिवार डरा-सहमा हुआ है. वैसे मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस जांच में जुट गई है.
इसे भी पढ़ें – बड़सोल में हाइवे पर तेल कटिंग के धंधे की सूचना पर बायोडीजल कंपनी में छापेमारी
आजादनगर फायरिंग मामले में रेकी करनेवाले दो गिरफ्तार
गत दिनों मानगो के आजाद नगर थाना क्षेत्र में रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने शनिवार को दो और लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों की पहचान दाईगुट्टू निवासी रौशन और राहुल के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों ने घटना से पूर्व जगह की रेकी की थी और मुख्य अपराधियों के लिए मोबाइल नंबर का जुगाड़ किया था. इन्हीं युवकों ने बिल्डर निहाल का मोबाइल नंबर भी जुगाड़ करके दिया. दोनों युवकों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है. आजाद नगर थाना प्रभारी नरेश सिन्हा ने बताया कि राहुल को 8 वर्ष पूर्व आर्म्स एक्ट के एक मामले में अभी जेल भेजा जा चुका है. विदित हो कि इस मामले में पुलिस पूर्व में ही पांच मुख्य अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.




