
मार्च 2020 में एजेंसी अर्नेस्ट एडं वाई का एक्सटेंशन हुआ खत्म, सरकार ने नहीं दिया एक्सटेंशन
उद्योग विभाग के 8 से 10 कर्मचारी कर रहें सिंगल विंडो पर काम
Chhaya
Ranchi: सिंगल विंडो सिस्टम राज्य सरकार चलायेगी. यह निर्णय सरकार की ओर से लिया गया. इसके पहले तक संशय था कि सिंगल विंडो सिस्टम सरकार चलायेगी या एजेंसी. अब इस पर निर्णय ले लिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, अब सिंगल विंडो के लिये कोई एजेंसी को बहाल नहीं किया जायेगा. राज्य में पिछले पांच सालों तक सिंगल विंडो सिस्टम का काम अर्नेस्ट एंड वाई एजेंसी ने संभाला.
इस साल मार्च महीने में कंपनी को एक्सटेंशन दिया जाना था. एक्सटेंशन नहीं मिलने पर कंपनी ने मार्च से काम करना छोड़ दिया. एजेंसी को कार्यमुक्त हुए छह महीने हो गये है. इसके पहले तक सिंगल विंडो को लेकर असमंजस की स्थिति थी. उद्योग विभाग अंतर्गत राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम संचालित है. एजेंसी सिंगल विंडो के साथ-साथ उद्योग विभाग की सलाहकार भी थी. बता दें एजेंसी ने जब से सिंगल विंडो के तहत काम बंद किया है, तब से राज्य के व्यापारियों की ओर से सिंगल विंडो के तहत काम नहीं होने की शिकायत आ रही है.
इसे भी पढ़ेंः राहुल गांधी ने किसानों से संवाद किया, कहा-कृषि विधेयक और नोटबंदी-जीएसटी में नहीं है कोई फर्क
विभागीय अधिकारी और कर्मचारी संभाल रहे काम
अर्नेस्ट एंड वाई एजेंसी के लगभग 20 कर्मी सिंगल विंडो का काम संभालते थे. जिस पर सरकार 30 लाख रूपये हर महीने खर्च करती थी. वहीं अब मात्र सात आठ विभागीय कर्मी इस काम को संभाल रहे हैं. कुछ महीनों पूर्व इसी बावत जियाडा में मैनेजर पद पर दो नियुक्ति निकाली गयी थी.
सूत्रों की मानें तो सिंगल विंडो के तहत एजेंसी को मिलने वाली इस खर्च पर वर्तमान सरकार ने आपत्ति जतायी थी. जिसमें बाद वर्क एक्सटेंशन नहीं दिया गया. मार्च से ही एजेंसी के कर्मियों ने उद्योग विभाग स्थित कार्यालय छोड़ दिया. जिसके बाद से विभागीय अधिकारी और कर्मचारी सिंगल विंडो सिस्टम के कामकाज देख रहे हैं.
एक ही विंडो में सभी सेवाएं
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत सिंगल विंडो सिस्टम लागू की गयी. जिसके तहत उद्यमियों और व्यापारियों को एक ही विंडो में सभी विभाग के सर्विसेज मिलती है. ईज ऑफ डूइंग बिजनेस चार साल पहले शुरू की गयी. वर्तमान में सिंगल विंडो के तहत राज्य के सभी विभाग कार्यरत है. 32 विभागों में 265 सेवाएं दी जा रही है.
इसे भी पढ़ेंः Bihar Election: चुनाव से पहले जारी है दल बदल का खेल, रालोसपा के प्रदेश अध्यक्ष राजद में शामिल




