
Ranchi: मनी लांड्रिंग मामले की आरोपी पूर्व निलंबित आईएएस पूजा सिंघल एवं सीए सुमन कुमार ने मंगलवार को ईडी द्वारा जब्त दस्तावेज का कोर्ट रूम में बैठकर अवलोकन किया एवं उसमें से कुछ महत्वपूर्ण बिंदुओं को नोट किया. पीएमएलए कोर्ट के आदेश के आलोक में ईडी ने जब्त किए गए दो बैग दस्तावेज कोर्ट में जमा किया है, जिसका अध्ययन पूजा सिंघल एवं सुमन कुमार द्वारा किया जा रहा है.
पूजा सिंघल को उन दस्तावेज को देखने के लिए जेल से कोर्ट लाया गया. मनी लांड्रिंग के आरोप में पूजा सिंघल 25 मई 2022 से जेल में बंद है. दरअसल, पूजा सिंघल ने वैसे जब्त दस्तावेज को दिखलाने का आग्रह अदालत से किया था जो ईडी के चार्जशीट एवं उपलब्ध कराए गए पुलिस पेपर में नहीं दर्शाए गए हैं. कोर्ट से इन दस्तावेज को अवलोकन करने की अनुमति मिलने के बाद पूजा सिंघल जेल से इन दस्तावेज को देखने कोर्ट रूम पहुंची और कई घंटे इन दस्तावेजों का अवलोकन किया. वहीं इसी मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी अभिषेक झा के सीए सुमन कुमार ने भी साथ में दस्तावेज का अध्ययन किया और उसमें से कई बिंदुओं को नोट किया.
बता दे कि ईडी ने 6 मई 2022 को तत्कालीन खान सचिव पूजा सिंघल के सरकारी व निजी आवास उनके पति अभिषेक झा और उनके सीए सुमन सिंह समेत 25 ठिकानों पर छापेमारी की थी. सीए सुमन सिंह के आवास से ईडी को 19.31 करोड़ रुपए नगद बरामद हुए थे. इस छापेमारी में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी ईडी ने जब्त किए थे.




