Palamu

पलामू: ठेकेदार समझकर किसान का अपहरण, सच्चाई जानने पर किया मुक्त

Palamu: जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के विनेका के रहने किसान संतोष सिंह को ठेकेदार समझकर अपराधियों ने रविवार को अपहरण कर लिया. हालांकि कुछ देर बाद जब अपहरणकर्ताओं को यह जानकारी हुई की संतोष सिंह ठेकेदार नहीं किसान है तो उसे पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कोटेया जंगल से मुक्त कर दिया. अपहरण की सूचना मिलने के बाद तरहसी, कसमार पिकेट और पिपराटांड़ थाना पुलिस सक्रिय थी. पुलिस ने संतोष सिंह को पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के कोटया के जंगल से सकुशल बरामद किया. संतोष सिंह को उसके घर से 1 किलोमीटर दूर खैरा नदी किनारे से अगवा किया गया था. वह शौच करने के लिए वहां गया था. खैरा नदी से कोटया जंगल 3 किलोमीटर दूर है औऱ तरहसी की सीमा से 1 किलोमीटर अंदर पिपराटांड़ थाना क्षेत्र में है.
बताया जाता है कि संतोष सिंह रविवार की सुबह करीब 10 बजे शौच करने के लिए खैरा नदी की ओर गया था. इसी क्रम में बाइक से आए तीन से चार की संख्या में अपराधियों ने उसका अपहरण कर लिया और अपने साथ लेते चले गए.
सूचना मिलते ही तरहसी, कसमार पिकेट और पिपराटांड़ थाना पुलिस सक्रिय होकर उसकी तलाश में जुटी. इस घटना में सबसे अहम बात यह रही कि संतोष सिंह का मोबाइल लगातार ऑन रहा और उस पर बात होती रही. संतोष सिंह को अगवा करने के बाद उसके मोबाइल से ही उसके अपहरण की जानकारी परिजनों को दी गई थी. पुलिस भी उस नंबर पर बात करते हुए उसके लोकेशन की ओर कार्रवाई की और सफलता प्राप्त की.
पिपराटांड़ के थाना प्रभारी हीरालाल शाह ने जानकारी दी की शुरुआती छानबीन में जानकारी हुई कि संतोष सिंह ने षडयंत्र कर खुद का अपहरण हो जाने की जानकारी दी है, लेकिन उससे पूछताछ करने पर जानकारी हुई कि उसका गलती से अपहरण कर लिया गया था. उसकी तलाश की जा रही थी और उसे सकुशल बरामद किया गया.

Related Articles

Back to top button