
Nikhil Kumar
Ranchi: भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी राजीव अरूण एक्का को मुख्य सचिव रैंक में प्रोन्नति मिलेगी. राज्य सरकार उन्हें प्रमोशन देने की तैयारी कर रही है. 1994 बैच के इस आइएएस अधिकारी को सीएस रैंक में प्रमोशन देने के लिए फाइल तैयार कर ली गयी है. राजीव अरूण एक्का अभी प्रधान सचिव के पद पर पंचायती राज विभाग में कार्यरत हैं. उन्हें अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति अल्पसंख्यक ओर पिछड़ा वर्ग कलयाण विभाग का भी प्रभार दिया गया है.
कार्मिक मंत्रालय, भारत सरकार से सीएस रैंक में प्रमोशन देने के लिए एक रिक्ति मांगी जा रही है. केंद्र से रिक्तियां मिलते ही राजीव अरूण एक्का को प्रमोशन देने के लिए राज्य सरकार डीपीसी की बैठक करेगी. इसके बाद यूपीएससी को अनुशंसा की जाएगी. सारी प्रक्रिया पूरी करके उन्हें सीएस रैंक में प्रमोशन दिया जायेगा. प्रमोशन 1 जनवरी 2024 से प्रभावी होगा. वे 31 मार्च 2024 को रिटायर भी होने वाले हैं, ऐसे में महज तीन माह ही वे मुख्य सचिव के पद पर रह पायेंगे. राजीव अरुण एक्का प्रधान सचिव रैंक में सबसे उपर हैं. उनके बाद 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अजय कुमार सिंह और सतेंद्र सिंह है.
गृह सचिव सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहें, हाल में विवादों में फंसे
आइएएस अधिकारी राजीव अरूण एक्का झारखंड में कई महत्वपूर्ण पदों पर काबिज रहे हैं. वर्तमान में पंचायती राज विभाग में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत राजीव अरूण एक्का पूर्व में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव भी रहे हैं. इसके अलावा गृह सचिव का भी पद उन्होंने कुछ दिनों तक संभाला. रांची उपायुक्त सहित कई जिले में डीसी रहे राजीव अरूण एक्का कल्याण विभाग में भी सचिव के पद पर लंबे समय तक रहे. इस साल अचानक उनका नाम विवादों से उस समय जुड़ गया, जब उन पर नेताओं ओर नौकरशाहों के काले धन के निवेशक विशाल चौधरी से संबंध होने का आरोप लगा और विशाल चौधरी के घर से सरकारी फाइल निपटाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ. इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव व गृह सचिव के पद से हटाते हुए एक जांच आयोग गठित कर दिया. हालांकि बाद में आयोग ने उन्हें इन आरोपों से क्लीन चिट दे दी. इसके अलावा ईडी भी उनके खिलाफ मनी लांड्रिंग मामले पर जांच कर रहा है. उनके खिलाफ टेंडर में भी गडबड़ी किए जाने का आरोप लग रहा है. ईडी की जांच में इसका धीरे-धीरे खुलासा हो रहा है हालांकि कार्मिक विभाग में उनके ऊपर कोई कार्रवाई नहीं चल रही. ऐसे में उन्हें प्रोमोशन देने में कोई अड़चन नहीं है
13 अधिकारी हैं सीएस रैंक में,आठ दिल्ली में कार्यरत
झारखंड में अपर मुख्य सचिव रैंक में 13 अधिकारी हैं. इनमें आठ अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं. छह की सेवा झारखंड में है. इनमें मुख्य सचिव सुखदेव सिंह सहित पांच आइएएस अधिकारी अपर मुख्य सचिव रैंक में झारखंड में कार्यरत है. एक पद रिक्त है. ऐसे में केंद्र से इस रिक्ति को मांगा जा रहा है. राजीव गौबा, नागेंद्र नाथ सिन्हा, अलका तिवारी, मुखमीत सिंह भाटिया, सुधीर कुमार रहाटे, शैलेश कुमार सिंह, निधि खरे, सुरेंद्र सिंह फिलहाल केंद्रीय प्रतिनिनियुक्ति पर हैं और कैबिनेट सचिव सहित कई बड़े पदों की जिम्मेवारी ये संभाल रहे हैं. वहीं, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त अरूण कुमार सिंह, डीजी एटीआई एल.ख्यांग्ते, सदस्य राजस्व पर्षद एपी सिंह, गृह सचिव अविनाश कुमार झारखंड में सेवा दे रहे हैं.
दो सीएस रैंक के अधिकारी इसी साल हो रहे रिटायर
राज्य में दो मुख्य सचिव रैंक के अधिकारी इसी साल सेवानिवृत हो जायेंगे. सदस्य राजस्व पर्षद एपी सिंह 30 नवंबर व विकास आयुक्त अरूण कुमार सिंह 31 दिसंबर 2023 को रिटायर हो जायेंगे.




