
Ranchi: देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून की दिशा में जल्द-से-जल्द पहल हो. देश के 282 सांसदों ने इस पर अपनी लिखित सहमति भी दे दी है. देश की संसद से पास सीएए के बारे में लोगों को वास्तविक जानकारी दिये जाने की लगातार पहल भी जरूरी है.
राष्ट्र निर्माण प्रकल्प प्रमुख सुरेश चवाह्नके ने गुरुवार को होटल बीएनआर चाणक्या में आयोजित प्रेस वार्ता में ये सारी बातें कहीं. उन्होंने कहा कि आज देश में राष्ट्रवाद के ख़िलाफ़ मंडरा रहे आसन्न ख़तरों के मद्देनज़र जनजागृति की जरूरत आन पड़ी है. राष्ट्रवाद को नये सिरे से स्थापित करना होगा.
इसे भी पढ़ेंःकुत्ता वाले बयान पर बीजेपी का सदन में हंगामा, फिर बोले इरफान -भानू तुम हेमंत सरकार के निशाने पर
बने जनसंख्या नियंत्रण कानून
सुरेश चवाह्नके ने कहा कि आज देश की आबादी बेतहाशा तरीके से बढ़ रही है. इससे देश के नागरिकों के सामने संसाधनों का संकट खड़ा होने लगा है. हर मोर्चे पर सरकार और जनता को जूझना पड़ रहा है. स्थिति और जटिल होने वाली है.
राष्ट्र निर्माण प्रकल्प की ओर से देशभर में जनसंख्या नियंत्रण कानून के लिए लगातार जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. 20,000 किलोमीटर से भी अधिक की पदयात्रा इसके समर्थन में की जा चुकी है. नौ राज्यों के मुख्यमंत्री, अलग-अलग राज्यों के 58 मंत्रियों और 500 से अधिक विधायकों ने इस कानून को बनाये जाने को अपना लिखित समर्थन दे दिया है.
इसे भी पढ़ेंःढुल्लू पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पीड़िता के पति पर FIR, युवती ने अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल करने का किया केस
वेब सीरीज परोस रहे अश्लीलता, सेंसर बोर्ड लगाये रोक
सुरेश चवाह्नके के अनुसार, फिल्मों के रिलीज से पूर्व उसे सेंसर बोर्ड से पास कराना होता है. इसी आधार पर लोग उसे परिजनों संग देखते हैं. टीवी, मोबाइल पर आनेवाले वेब सीरीज, नेटफिल्किस जैसी ऑनलाइन वीडियो के कारण समाज में अश्लीलता बढ़ रही है. इस पर सेंसर बोर्ड का कोई नियंत्रण नहीं है. पॉर्न साइट्स को भी रोका जाना चाहिए. सांस्कृतिक जागरण के लिए ऐसा करना जरूरी भी है.
सीएम हेमंत सोरेन से करेंगे मुलाकात, सीएए पर भ्रम दूर करे सरकार
सुरेश चवाह्नके ने कहा कि वो सीएम हेमंत सोरेन से मिलकर सीएए के बारे में लोगों के बीच फैले भ्रम को दूर करने में सहयोग करने की अपील करेंगे. इससे राज्य में विभाजनकारी तत्वों के प्रयासों को हतोत्साहित किया जा सकेगा.
साथ ही बड़ी संख्या में मुसलमान युवकों द्वारा आदिवासी लड़कियों से धोखाधड़ी करके शादी किये जाने के प्रयासों पर भी वे अपनी बात सीएम के पास रखेंगे.
दिल्ली दंगा जैसी हालत फिर से ना हो, इसके लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा.
इसके लिए राष्ट्र निर्माण प्रकल्प की ओर से अलग-अलग राज्यों में प्रमुख जनप्रतिनिधियों द्वारा शपथ दिलायी जा रही है. इसी कड़ी में रांची में भी मेयर और अन्य लोगों ने शपथ ली है.
इसे भी पढ़ेंःघाटे में बिजली वितरण निगम लिमिटेड, बिजली खरीदने वाली संस्थाओं का लगभग 10,000 करोड़ बकाया




