
Latehar: गांधीवादी तरीके से अपनी बात रखने वाले टाना भगतों ने सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित व्यवहार न्यायालय का घेराव करते हुए जमकर बवाल किया. इस दौरान टाना भगतों की ओर से किए गए पथराव में लातेहार सदर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए. उग्र प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस और वॉटर कैनन का भी प्रयोग करना पड़ा. टाना भगतों ने इस दौरान पुलिस की पीसीआर वाहन को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज भी किया. सोमवार को अखिल भारतीय टाना भगत संघ के तत्वावधान में टाना भगतों ने पांचवी अनुसूची के तहत कोर्ट कचहरी बंद करने की मांग को लेकर ही व्यवहार न्यायालय का घेराव किया और अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारे लगाए. घायल पुलिसकर्मियों में थानेदार अमित कुमार गुप्ता, सिपाही सत्यनारायण उरांव, कुमारी अमित लक्ष्मी, अंजू रोज खलखो और मनोरमा कुमारी शामिल हैं.

इसे भी पढ़ें: पाकुड़ में पुलिस ने अवैध लॉटरी कारोबारी अकियुर रहमान को किया गिरफ्तार
न्यायिक पदाधिकारी सुरक्षित,बढ़ी सुरक्षा
बाद में लातेहार एसपी अंजनी अंजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने स्थिति का जायजा लिया. टाना भगतों के प्रदर्शन के दौरान ही अदालत परिसर में मौजूद सभी न्यायिक पदाधिकारियों को पीछे के रास्ते से सुरक्षित निकाला गया. साथ ही न्यायिक पदाधिकारियों के आवास की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. हंगामा के बाद से ही व्यवहार न्यायालय परिसर के आसपास की दुकानें बंद नजर आई. टाना भगतों के प्रदर्शन के दौरान अंचल अधिकारी रुद्र प्रताप व पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने टाना भगतों को समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन टाना भगत अपनी मांगों को लेकर अपनी जिद पर अड़े रहे.

क्या कहना है टाना भगतों का
परमेश्वर टाना भगत व नागेश्वर टाना भगत ने कहा कि आंदोलन लगातार जारी रहेगा. सरकारी पदाधिकारी संविधान की अनदेखी कर रहे है. उन्होंने कहा कि हमलोगों की मांग जबतक पूरी नहीं होती है तब तक सभी कार्यालय बंद रहेंगे. हालांकि टाना भगतों के प्रदर्शन को देखते हुए पूर्व में ही व्यवहार न्यायालय के मुख्य प्रवेश द्वार को बंद कर दिया गया था और पुलिस बलों को मौके पर तैनात कर दिया गया. परन्तु टाना भगत गेट खोल कर न्यायालय परिसर में जबरन प्रवेश करने में सफल रहे. टाना भगतों में मुख्य रूप से बहादुर टाना भगत, जयमंगल टाना भगत, सुमेज टाना भगत, मंगलदेव टाना भगत, धनेश्वर टोप्पो, पंखराज टाना भगत, नागेश्वर टाना भगत, कार्तिक टाना भगत, नीलमणी टाना भगत, ललिता टाना भगत, अजित टाना भगत समेत सैकड़ो संख्या में टाना भगत आए हुए हैं.




