
New delhi: नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आह्वान पर ‘भारत बंद’ के दौरान जगह-जगह चक्का जाम किया गया है. देश के विभिन्न हिस्सों में धरना, प्रदर्शन और जुलूस की खबरें हैं. दिल्ली में किसानों के समर्थन में आप और कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता जुलूस निकाल रहे हैं. इस बीच आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर कहा है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है. दिल्ली के अलावा महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बंगाल, बिहार और झारखंड में जगह-जगह चक्का जाम किये जाने की खबरें मिल रही हैं. विपक्षी दलों के कई बड़े नेता सड़कों पर उतरे हैं.
एक किसान संगठन के सदस्यों ने महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में ट्रेन रोकी. ‘स्वाभिमानी शेतकारी संगठन’ के सदस्यों ने बुलढाणा जिले में मलकापुर स्टेशन पर चेन्नई-अहमदाबाद नवजीवन एक्सप्रेस को रोककर कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन किया. पश्चिम बंगाल में कांग्रेस और वाम दलों के समर्थकों ने मंगलवार को किसानों द्वारा आहूत ‘भारत बंद’ के समर्थन में राज्य में कई स्थानों पर रेल पटरियों को जाम किया और सड़कों पर धरना दिया. कोलकाता में, माकपा के कार्यकर्ताओं और एसएफआई तथा डीवायएफआई के सदस्यों ने लेक टाउन, कॉलेज स्ट्रीट, जादवपुर और श्यामबाजार फाइव प्वाइंट क्रॉसिंग जाम की. वहीं कांग्रेस समर्थकों ने उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम चौमथा में, पश्विम मेदिनीपुर में पंसकुरा, हावड़ा जिले में बाली, मुर्शिदाबाद में बहरामपुर और खड़गपुर में सड़के जाम की, जहां पुलिस उन्हें वाहनों की आवाजाही बाधित ना करने के लिए कहती दिखी. पूर्वी रेलवे के सियालदह खंड में जादवपुर और मध्यग्राम और हावड़ा खंड में रिशरा और बर्धमान में उन्होंने रेल की पटरियां भी जाम कर दीं.
इसे भी पढ़ें:सहकारिता विभाग में कई पदों को समाप्त करने की तैयारी में है राज्य सरकार
कई दौर में हो चुकी है वार्ता
किसानों ने बंद का फैसला केंद्र सरकार के साथ कई दौर की बातचीत के बाद लिया है. किसान यूनियनों का कहना है कि वे सरकार द्वारा प्रस्तावित किए जा रहे कृषि कानूनों में संशोधन से संतुष्ट नहीं हैं। दोनों के बीच कल (बुधवार) को फिर बातचीत होनी है.
गृह मंत्रालय की एडवाइजरी
इस बीच भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने राज्य सरकारों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि कोरोना के मद्देनजर स्वास्थ्य और शारीरिक दूरी को लेकर जारी किए गए दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए. गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया गया कि है ‘भारत बंद’ और एहतियाती कदम के दौरान शांति बनाए रखी जाए ताकि देश में कहीं भी कोई अप्रिय घटना न हो.
झारखंड में भी पूरी तैयारी
झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों का बंद को समर्थन प्राप्त है. राजधानी रांची की सड़कों पर सुबह से ही पुलिस की तैनाती है. राज्य के विभिन्न जिलों में एक दिन पूर्व मशाल जुलूस निकालकर बंद समर्थकों ने अपने इरादे जता दिए हैं.
दोपहर तीन बजे तक चक्का जाम
क्रांति किसान यूनियन के पंजाब इकाई के अध्यक्ष दर्शन पाल ने सोमवार को कहा कि मंगलवार को दोपहर 3 बजे तक ही ‘चक्का जाम’ रहेगा. राजनीतिक पार्टियों को भी इसमें शामिल होने की अनुमति दी जाएगी. हरियाणा पुलिस और दिल्ली पुलिस ने ट्रेवल एडवाइजरी जारी की है. इसमें बताया गया है कि लोगों को विभिन्न सड़कों और राजमार्गों पर यातायात अवरोधों का सामना करना पड़ सकता है.
इन सेवाओं को बंद में मिली है छूट
एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी
मेडिकल स्टोर खोले जा सकते हैं
अस्पताल सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे
शादियों पर कोई पाबंदी नहीं
इन राजनीतिक दलों ने बंद का किया है समर्थन
बंद को इन सियासी दलों ने समर्थन दिया है – कांग्रेस, एनसीपी, तृणमूल कांग्रेस, शिवसेना, द्रमुक और इसके घटक, टीआरएस, राजद, आम आदमी पार्टी, सपा, बसपा, वामदल, पीएजीडी।




