
Ranchi: राजधानी रांची में अपराधियों पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पा रही है. अपराधी बेखौफ होकर छिनतई और लूट जैसे वारदात को अंजाम दे रहा है. राजधानी रांची में अपराध रोकना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है. हालांकि राज्य के डीजीपी ने पुलिस के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर अपराध मुक्त करने का आदेश दिया था लेकिन अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देते हुए हथियार के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया है.
कल दोपहर को राजधानी रांची में लुटेरों ने आठ मिनट में 50 लाख के गहने लूट लिए और फरार हो गए. जेवर कारोबारी दीपक साहू ने बताया कि गुरुवार की दोपहर उनकी मां और एक कर्मचारी जेवर दुकान में बैठे हुए थे. इसी दौरान तीन युवक पहुंचे और उन्होंने उनकी मां से सोने का ब्रेसलेट दिखाने को कहा. एक दो ब्रेसलेट देखने के बाद अचानक अपराधियों ने हथियार निकाल लिया और बुजुर्ग महिला को अपने कब्जे में लेकर मात्र 8 मिनट में 50 लाख के गहने लूट कर फरार हो गए.
लूटपाट की पूरी घटना सीसीटीवी कमरे में कैद हुई है. उसी के आधार पर पुलिस अपराधियों की तलाश कर रही है. इस घटना के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता भी पीड़ित परिवार से मिलकर अपराधियों को जल्द गिरफ्तारी होने का भरोसा दिलाया है. इस घटना के पहले अपराधी शहर के सुखदेव नगर, चुटिया, नामकुम इलाके में छिनतई जैसे वारदात को अंजाम दिया है.
सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि तीन की संख्या में आए अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है. पूरे शहर में चेक नाका लगाकर अपराधियों की तलाश की जा रही है. हालांकि कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों का कोई सुराग हासिल नहीं कर पाई है.




