
Ranchi : राज्य के महत्वपूर्ण आयोग और निगम में अध्यक्ष पद खाली हैं. कुछ ऐसे भी आयोग और निगम हैं जहां अध्यक्ष और सदस्य दोनों ही पद सालों से खाली है. कुछ के लिए विज्ञापन जारी होने के बाद भी बहाली नहीं की गयी है. बता दें आयोग में अध्यक्ष पद संवैधानिक होता है. इसके बाद भी ये पद खाली है. जेपीएससी, जेएसससी, विद्युत नियामक आयोग जैसे महत्वपूर्ण आयोगों में अध्यक्ष पद खाली हैं.
इसके अलावा मनावाधिकार आयोग, झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड, मुख्यमंत्री लघु कूटीर उद्यम विकास बोर्ड, झारखंड पर्यटन निगम जैसे कई महत्वपूर्ण निगम और बोर्ड में भी पद खाली है. राज्य में खस्ता हाल में सूचना आयोग है. पिछले दो साल में यहां बहाली के लिए दो बार विज्ञापन निकाला गया. इसके बाद भी यहां अध्यक्ष समेत नौ सदस्यों के पद खाली हैं. जबकि लंबित मामलों की संख्या हजारों में है.
इसे भी पढ़ेंः जेटेट उम्मीदवारों से मिलने पहुंचीं महगामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह, मांगों को बताया जायज
जेपीएसएसी में अध्यक्ष पद एक महीने से खाली
नियुक्ति के लिए महत्पवूर्ण यह आयोग पिछले एक महीने से खाली है. सुधीर त्रिपाठी की समय सीमा 26 सितंबर को पूरी हुई. जिसके बाद से ये पद खाली है. अध्यक्ष नहीं होने के कारण महत्वपूर्ण नियुक्ति, प्रमोशन, इंटरव्यू आदि रुके है.
नियमत अध्यक्ष नहीं होने पर वरीय सदस्यों को इस पद का प्रभार दिया जा सकता था. लेकिन कार्मिक विभाग की ओर से इस संबध में कोई निर्देश जारी नहीं किया गया. स्थायी नियुक्ति के लिए कैबिनेट में सुझाये किसी नाम पर राज्यपाल की स्वीकृति जरूरी है.
इसे भी पढ़ेंः Koderma : 15 से स्कूल नहीं खुले तो झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन धरना-प्रदर्शन करेगा, सरकार को ज्ञापन सौंपा
प्रभार में राज्य कर्मचारी आयोग
जनवरी से यह पद खाली है. रतन कुमार आयोग में अध्यक्ष थे. इनके इस्तीफे के बाद से ये पद खाली है. अध्यक्ष के साथ ही एक सदस्य पद भी खाली है. अध्यक्ष और सदस्य पद खाली होने के कारण तृतीय और चतुर्थ कर्मचारियों की नियुक्ति, सहित शिक्षक नियुक्ति, दारोगा नियुक्ति, पंचायत सचिव समेत कई नियुक्तियां रूकी है. हालांकि इनमें से कुछ नियुक्तियों के लिए परीक्षाएं हो गयी है. फिलहाल प्रशांत कुमार इस पद पर प्रभारी है.
विज्ञापन जारी होने के बाद भी सूचना आयोग खाली
अध्यक्ष और सदस्यों की सबसे अधिक कमी राज्य सूचना आयोग में देखी जा रही है. यहां न तो अध्यक्ष हैं और न ही नौ सदस्य. पांच महीने पहले आदित्य स्वरूप इस पद सेवानिवृत हुए. जिसके बाद हिमांशु शेखर को इस पद का प्रभार दिया गया. हिमांशु शेखर के बाद अब न तो अध्यक्ष है और न सदस्य.
ऐसे में आयोग में हजारों मामले आरटीआई के लंबित है. इस साल जनवरी में कार्मिक विभाग की ओर से सूचना आयुक्त की बहाली के लिए विज्ञापन जारी किया गया था. लेकिन फिर इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी. योग्य व्यक्तियों के नाम मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और एक सदस्य कमेटी तय करती है. कैबिनेट के बाद इस पर राज्यपाल की स्वीकृति ली जाती है. नेता प्रतिपक्ष नहीं होने के कारण मामला लटका है.
जून से खाली है महिला आयोग
राज्य महिला आयोग में अध्यक्ष पद जून से खाली है. जून में तत्कालीन अध्यक्ष कल्याणी शरण का कार्यकाल पूरा हुआ. इनके साथ ही पूनम प्रकाश और शर्मिला सोरेन भी पद पर नहीं रहीं. पिछले साल देवकी रानी और रेणु कुमारी भी सदस्य पद छोड़ चुकीं है. ऐसे में आयोग बिना अध्यक्ष और सदस्य के चल रहा है. आयोग में महिलाओं से जुड़े मामले की सुनवाई पूरी तरह ठप है.
नियामक आयोग में अध्यक्ष के बगैर टैरिफ की घोषणा: इस साल बिजली टैरिफ जैसे महत्वपूर्ण निर्णय विद्युत नियामक आयोग ने बगैर अध्यक्ष के लिया. जून महीने में पूर्व अध्यक्ष अरंविद प्रसाद का इस्तीफा उर्जा विभाग ने स्वीकार किया था. इसके बाद से ये पद खाली है. हालांकि इस दौरान आयोग के दो सदस्य पद पर बनें है.
ऐसे मे इन सदस्यों की ओर से बिजली टैरिफ की घोषणा की गयी. सितंबर में इसके लिए उर्जा विभाग ने विज्ञापन जारी किया. उर्जा विभाग की तीन सदस्यीय कमेटी इस पद पर योग्य उम्मीदवार का चयन करती है. ऐसे में प्रक्रिया जारी है.
इसे भी पढ़ेंः पलामू: 20 हजार रिश्वत लेते राजस्व उपनिरीक्षक गिरफ्तार, पलामू एसीबी ने किया इस वर्ष का 13वां शिकार
बाल अधिकार संरक्षण आयोग
बाल संरक्षण आयोग में अध्यक्ष पद को खाली हुए छह महीने से अधिक हो गया है. आरती कुजूर के तीन साल पूरा होते, ये पद खाली हुआ. वहीं अन्य सदस्यों का कार्यकाल भी खत्म हुआ. इसके बाद कई महीनों तक ये पद खाली रहा. कुछ दिनों पहले राज्य सरकार ने इस संबध में विज्ञापन जारी किया. जहां आयोग के अध्यक्ष पद के लिए लोग आवेदन कर रहें.
इसे भी पढ़ेंः बिहार चुनाव : राजद ने हार-जीत के गणित में अपने 17 विधायकों के टिकट काटे, नये चेहरों को तरजीह




