
Ranchi: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि झूठ की पोथी पेश कर जनादेश हासिल करने वाली हेमंत सोरेन सरकार में लूट किस कदर हावी है, इसका पर्दाफाश जनता के बीच में जाकर करेंगे. सरकार की नीति, निर्णय और मंशा का कच्चा चिट्ठा भी खोलेंगे. आजसू पार्टी ने कार्यक्रमों की व्यापक रूपरेखा तय की है. इसी सिलसिले में राज्य के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जन पंचायत लगायी जायेगी. सोमवार को जमशेदपुर में पार्टी की केंद्रीय समिति की बैठक में पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने तीन साल में जनादेश के साथ बड़ा छल किया है. नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. मुख्यमंत्री ने नियोजन नीति के नाम पर अपना पॉलिटिकल एजेंडा सेट करने की कोशिश में सब कुछ उलझा कर रख दिया है. विशेष सत्र बुलाकर किसी भी दल का विचार नहीं सुना गया. विकास के तमाम मानकों पर झारखंड लगातार पिछड़ रहा है. सरकारी संरक्षण में लूट का बोलबाला है. अराजकता का नेतृत्व खुद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर रहे हैं. अब आजसू पार्टी 13 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में आक्रोश मार्च निकालेगी. नियोजन नीति उलझाये रखने और वेकैंसी, परीक्षाओं, रिजल्ट के इंतजार में लाखों युवाओं के सपने से खिलवाड़ के खिलाफ यह आक्रोश मार्च असरदार होगा.
जातीय जनगणना जरूरी
आजसू पार्टी ने केंद्रीय कार्य समिति की बैठक में कहा कि जातीय जनगणना से सरकार नहीं भागे. ओबीसी आरक्षण का यही सही मापदंड हो सकता है. बिना ट्रिपल टेस्ट सरकार ने पंचायत चुनाव कराया और अब नगर निकाय चुनाव में भी वह ट्रिपल टेस्ट से बचना चाह रही है जबकि आजसू पार्टी सड़क से लेकर सदन में इस विषय पर अपनी आवाज मुखर करती रहेगी. साथ ही पार्टी सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने सर्वोच्च अदालत का भी रुख किया है.
कार्यसमिति की बैठक में पार्टी प्रमुख सुदेश महतो ने निर्देश दिए कि अक्तूबर में होने वाले महाधिवेशन से पहले एक लाख सक्रिय कार्यकर्ता खड़े किए जाएं, जो सांगठनिक और चुनावी मोर्चा पर पार्टी के लिए रीढ साबित हों. पार्टी का महाअधिवेशन 6 से 8 अक्टूबर तक रांची में होगा. इसके साथ ही संगठन के ढांचे को दुरुस्त करने के लिए जो काम बाकी है, उसे टाइम फ्रेम के तहत पूरे करने को कहा गया है.
केंद्रीय समिति की बैठक को पार्टी सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, विधायक डॉ लंबोदर महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस , उमाकांत रजक समेत कई प्रमुख नेताओं ने भी संबोधित किया. चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि रामगढ़ में एनडीए उम्मीदवार की जीत के साथ हेमंत सोरेन सरकार और यूपीए गठबंधन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. भ्रष्टाचार का बोलबाला है. इन सवालों पर आगे बढ़कर सरकार के खिलाफ जनता को गोलबंद करना होगा. जनता इन्हें सबक सिखाने के लिए तैयार है.
इसे भी पढ़ें – पिछले 10 घंटों से आइएएस राजीव अरुण एक्का से ईडी की टीम कर रही है पूछताछ



