Bihar

सिवान : अनियंत्रित स्कॉर्पियो घर में घुसी, सो रहे पिता-पुत्री की मौत, मां-बेटी घायल

Siwan : जिले के नौतन थाना क्षेत्र के पेट्रोल पंप के पास शनिवार की सुबह में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित एक घर में घुस गई. इस हादसे में घर में सोए पिता व पुत्री की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. वहीं, उसकी मां और एक पुत्री गंभीर हैं, जिनका इलाज गोरखपुर में चल रहा है.

इधर, घटना के बाद से स्थानीय लोगों ने आरोपी ड्राइवर की पकड़कर धुनाई कर दी और फिर उसे स्थानीय थाना को सौंप दिया. बताया जाता है कि जिले के नौतन थाना के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास रहने वाले स्व. रामाजी साह के बेटे धर्मेंद्र गुप्ता (35 वर्ष) कपड़े की दुकान में काम करते थे और थाने के पास ही सड़क से 30 मीटर अंदर स्थित घर में रहते थे. शनिवार सुबह यह हादसा हो गया. जिससे एक हंसता खेलता परिवार बिखर गया.

इसे भी पढ़ें :  सुरदा खदान में लीज नवीकरण का पेंच : 3500 मजदूरों की हालत बिगड़ी, सरकार को 250 करोड़ का नुकसान

मृतकों में धर्मेंद्र गुप्ता और उनकी डेढ़ साल की पुत्री आराध्या शामिल हैं. जबकि, उनकी 28 वर्षीय पत्नी लखी देवी और सात साल की पुत्री चुलबुली कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं. दोनों घायलों को ग्रामीणों ने सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाज़ुक स्थिति को देखते हुए गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.

बता दें कि स्कॉर्पियो के घर में घुसने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि गाड़ी घर में फंसी हुई है. ऐसे में उन्होंने स्कोर्पियो के ड्राइवर की पकड़कर धुनाई कर दी. सूचना पाकर स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में लेते हुए, गाड़ी को जब्त कर लिया. मामले की छानबीन की जा रही है. ग्रामीणों की मानें तो आरोपी ड्राइवर नशे में धुत था.

इसे भी पढ़ें :   पत्नी दो साल में आइएएस नहीं बन सकी, ससूराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर लिया कोर्ट का सहारा

Related Articles

Back to top button