
Koderma : अग्निपथ योजना के विरोध में भारत बंद के आह्वान किया गया है. इसे लेकर सोमवार को कोडरमा में विशेष सतर्कता बरती गई. खासकर रेलवे पर पुलिस प्रशासन की विशेष नजर रही. कोडरमा पुलिस और रेल पुलिस के जवान लगातार स्टेशन परिसर और शहरी इलाकों में दंगा निरोधक उपकरण के साथ गश्त करते रहें. वहीं पूर्व मध्य रेलवे के द्वारा पूर्व में दर्जनों ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा कर दी गई थी, ऐसे में कोडरमा स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा. सिर्फ दूरदराज से आए यात्री ही स्टेशन परिसर पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे रहे.
वहीं दूसरी तरफ पुलिस के जवान रेल संपत्ति की रक्षा करने में भी जुटे रहे और हुड़दंगियों पर पैनी नजर रही. स्टेशन परिसर पर आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार गश्त कर रहे थे और सीसीटीवी कैमरे से भी पूरे स्टेशन परिसर की मॉनिटरिंग की जा रही थी. हालांकि भारत बंद का कोई खास असर बाजार में नहीं दिखा.
इसे भी पढ़ें – मांडर उपचुनावः शिल्पी नेहा के लिए सीएम हेमंत सोरेन ने संभाला मोर्चा, जनता से मांगा जीत का आशीर्वाद
झुमरीतिलैया बाजार में लोगों की आवाजाही आम दिनों की तरह जारी रही. दुकानें खुली रही और बाजार में लोगों ने आम दिनों की तरह अपने रोजमर्रा की जरूरत के सामानों की खरीदारी की.
सड़क यातायात और रेल रूट प्रभावित होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर सुबह से बाजार में भी जवानों की गश्त जारी है. कोडरमा बाजार के चौक चौराहे पर जगह-जगह पुलिस के जवानों की तैनाती की गई थी.
इसे भी पढ़ें –सुदेश महतो को भरोसा, राज्य सरकार के कुशासन के खिलाफ वोट करेगी मांडर की जनता




