
Jamshedpur : सरायकेला–खरसावां जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत सरायकेला कांड्रा मुख्य मार्ग पर चाडरी डूंगरी के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. घटना इतनी भयावह थी कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान चांडिल के चौका निवासी सीताराम सिंह, दिलीप योगी और श्रावण योगी के रूप में की गई. सभी चौका थाना क्षेत्र के दिरलांग के रहने वाले थे. सूचना पाकर कांड्रा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार तीनों युवक सरायकेला से चौका की ओर जा रहे थे. चाडरी डुंगरी के पास किसी अज्ञात बड़े वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी. इस टक्कर से तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े. भागने के क्रम में वाहन उनपर चढ़ते हुए निकल गया.




