
Jamshedpur : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुंइयाडीह स्थित ह्यूम पाइप निवासी सिकंदर सिंह का अस्पताल में ऑपरेशन कर उसके जांघ से गोली निकाली गई. ऑपरेशन के बाद सिकंदर सिंह को अस्पताल के जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है. उसकी हालत स्थिर बतायी जाती है. इस मामले में सिकंदर के बयान पर थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गया है. मालूम हो कि रविवार की देर रात सिकंदर छायानगर से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था. घर पहुंचते ही उसने देखा कि उसकी दायीं जांघ से खून निकल रहा है. उसने अपने साथियों को बुलाया और एमजीएम अस्पताल पहुंचा. वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी जांघ में गोली लगी है. उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया. वहां से फिर उसे एमजीएम अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें – अमेरिका ने हटाया इंटरनेशनल ट्रैवल बैन, यात्रियों को ये शर्तें करनी होंगी पूरी
टाटा स्टील कर्मी पर चाकू से हमला मामले की पुलिस जांच शुरू
टाटा स्टील के एक कर्मचारी पर बीते दिनों चाकू से हमला करने के मामले की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इसे लेकर सोमवार को साकची पुलिस टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट्स में जांच करने पहुंची. मौके पर साकची थाना प्रभारी कुणाल कुमार भी मौके पर मौजूद थे. मालूम हो कि बीते दिनों टाटा स्टील के एक कर्मचारी को किसी अनजान व्यक्ति ने चाकू मारकर घायल कर दिया था. इससे पहले की लोग मामला समझ पाते तब तक अपराधी वहां से फरार हो गया. उसके थोड़ी देर बाद या फिर वापस आया और एक अन्य व्यक्ति को भी चाकू मारकर घायल कर दिया था. पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू कर दी है. ताकि अपराधी का पता लगा कर उस पर कार्रवाई की जा सके.
टाटा स्टील कंपनी में चोरी करने के मामले में दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
बर्मामाइंस पुलिस ने टाटा स्टील कंपनी में स्क्रैप चोरी करने के मामले में फरार दो अभियुक्तों सिद्धू कानू बस्ती निवासी राहुल गोराई और कारगिल उर्फ बुद्धेश्वर गोप को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया. मालूम हो कि विगत 29 जून को टाटा स्टील कंपनी में स्क्रैप की चोरी की हुई थी. इस घटना में दोनों अभियुक्त फरार चल रहे थे. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बता माइंस क्षेत्र में छापेमारी कर दोनों को धर दबोचा. इस मामले में टाटा स्टील कंपनी के सुरक्षाकर्मी के बयान पर मामला दर्ज किया गया था.




