
Ranchi : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि सिकल सेल एक आनुवांशिक बीमारी है. यह एक पीढ़ी से दूसरे पीढ़ी में पहुंचती है. इस बीमारी का ठोस इलाज अभी तक ढूंढा नहीं जा सका है लेकिन जानकारी और जागरूकता से इस बीमारी की रोकथाम संभव है, इसलिए जरूरी है कि इस बीमारी से बचाव की जानकारी राज्य की जनता तक पहुंचे. बुधवार को विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर रांची सदर अस्पताल परिसर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के उद्घाटन समरोह में उन्होंने कहा कि अब तक दस लाख सतासी हजार सात सौ पचास लोगों की स्कीनिंग की गई है. इसमें 1890 लोगों में सिकल सेल की पुष्टि हुई है. हमारे पास एक ही एचएलसी मशीन है, जिससे सिकल सेल की कंफर्मेटरी टेस्ट होता है. जल्द ही राज्य के सभी 24 जिलों के सदर अस्पताल में इस मशीन की व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने कहा कि कोविड के समय स्वास्थ्य विभाग को उन्होंने निर्देश दिया था कि ट्रू नेट मशीन से जांच के समय ही मरीजों की टीबी की भी जांच कर ली जाए. जिससे एक ही समय में हम दो बीमारी का पता कर पाएंगे. सिकल सेल को समाप्त करने के लिए भी चिकित्सकों को ऐसी ही रणीनीति के साथ मानव कल्याण के उद्देश्य से काम करना होगा.
गांव स्तर पर भी हो जांच की व्यवस्था: सीपी
रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि गांव स्तर पर बीमारी की जांच की व्यवस्था हो, तब इस बीमारी की रोकथाम में और तेजी आएगी. जानकारी से बहुत सी बीमारियों और महामारी को समय से पहले ही रोका जा सकता है. चिकित्सा सेवा का क्षेत्र है, चिकित्सकों को यह बात हमेशा याद रखनी चाहिए.
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक आलोक त्रिवेदी ने कहा कि भारत में जहां सिकल सेल एनीमिया की बीमारी ज्यादा अनुमानित है, वहां हमारी जिम्मेदारी और ज्यादा बढ़ जाती है. इस कार्यक्रम के तहत शून्य से चालीस वर्ष तक के सभी लोगों की स्क्रीनिंग कराया जाना है. जल्द से जल्द इस बीमारी की पहचान ही इसके आगे के प्रसार को रोकने में मददगार है. उन्होंने कहा कि भारत सरकार से इस वर्ष राज्य के 40 लाख लोगों के स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें इस वित्तीय वर्ष के तीन महीनों के अंदर 25 प्रतिशत से अधिक का लक्ष्य प्राप्त कर लिया गया है. झारखंड आदिवासी बाहुल्य राज्य है और इसमें प्रारंभिक तौर पर सिकल सेल के केस जनजातीय समुदाय के बीच ज्यादा पाए गए हैं. ऐसे में हमारा उत्तरदायित्व और भी ज्यादा बढ़ जाता है, ताकि लक्ष्य से भी ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग कर इस बीमारी से ग्रसित लोगों की पहचान कर सकें. कार्यक्रम में निदेशक प्रमुख डॉ सीके साही, रक्त कोषांग प्रभारी डॉ जॉन एफ केनेडी, राज्य आईईसी कोषांग प्रभारी डॉ लाल मांझी, डॉ कमलेश, डॉ उमा सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार, राज्य कार्यक्रम प्रबंधक अनिमा किस्कू, राज्य मानव संसाधन परामर्शी अवनी प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम कर्मचारी और अधिकारी भी मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें – झारखंड सचिवालय सेवा के पदाधिकारियों ने काला बिल्ला लगा कर किया काम, विरोध प्रदर्शन



