
Ranchi : झारखंड सचिवालय सेवा के सभी पदाधिकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में काला बिल्ला लगा कर सचिवालय में कार्य करते हुए प्रदर्शन किया. संघ के सभी पदाधिकारी कल भी यह प्रदर्शन जारी रखेंगे. यह प्रदर्शन पिछले 15 दिनों से चल रहे आंदोलन का हिस्सा है, जिसमें पदाधिकारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार से गुहार लगा रहे हैं.
मुख्य मांगें
- संयुक्त सचिव और उप सचिव के अतिरिक्त पदों का सृजन.
- सेवा के पदाधिकारियों की प्रोन्नति में कार्मिक विभाग का संकल्प संख्या 3286, दिनांक 04.04.2014 को पूर्णतः लागू करना.
- झारखंड सचिवालय सेवा के प्रशाखा प्रदाधिकारी, अवर सचिव तथा उच्चतर पदों पर शीघ्र प्रोन्नति.
- सहायक प्रशाखा पदाधिकारी के रिक्त पदों को नियमित नियुक्ति के माध्यम से शीघ्र भरना.
प्रदर्शन के पहले चरण में, सेवा के पदाधिकारियों ने मौन प्रदर्शन करते हुए सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखी. 19.06.2024 और 20.06.2024 को , सेवा के पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर अपनी नाराजगी प्रकट कर रहे हैं और सरकार से आग्रह कर रहे हैं कि उनकी मांगों को तुरंत माना जाए.
इस अवसर पर झारखंड सचिवालय सेवा संघ के अध्यक्ष ध्रुव प्रसाद और महासचिव सिद्धार्थ शंकर बेसरा ने कहा, “हम काला बिल्ला के साथ कार्य करते हुए सरकार से आग्रह करना चाहते हैं कि हमारी मंशा कार्य में बाधा पहुंचाने की नहीं है, परंतु कार्मिक विभाग के कुछ पदाधिकारी, जो लगातार संघ के सदस्यों के हितों के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं, के कारण संघ के पदाधिकारियों में रोष व्याप्त है. अगर सरकार इसके बाद भी कोई सकारात्मक पहल नहीं करती है तो संघ बाध्य होकर उग्र प्रदर्शन भी करेगा.
हम सरकार से अपील करते हैं कि वे हमारी मांगों पर ध्यान दे और शीघ्र अति शीघ्र उचित कदम उठाये ताकि सचिवालय सेवा के पदाधिकारी अपने कार्य को पूरी तत्परता और बिना किसी अवरोध के कर सकें.
इसे भी पढ़ें – भाजमो 30 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार, हर जिले का अलग घोषणापत्र होगा तैयार



