
Chakradharpur : चक्रधरपुर नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सनातन मुखी के निधन पर बुधवार को शोक सभा आयोजित हुई. नगर परिषद कार्यालय परिसर में झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ की ओर से शोक सभा का आयोजन किया गया था. जिसमें दो मिनट का मौन धारण कर उनके आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख की घड़ी में सहन शक्ति देने को लेकर ईश्वर से प्रार्थना की गयी.
मौके पर झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिन्हा ने कहा कि सनातन मुखी नगर परिषद में सफाई निरीक्षक के रूप में कार्यरत थे. वह सेवानिवृत्त होने के बावजूद दैनिक मजदूरी पर सेवा दे रहे थे. मंगलवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी, तब परिजन उन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर ले जा रहे थे, तभी उनका निधन हो गया. उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता वह काफी मिलनसार और सब से लगाव रखते थे.
सभी सफाई कर्मी की होनी चाहिए स्वास्थ्य जांच
मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सदानंद होता ने कहा कि नगर परिषद के सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने के लिए साफ-सफाई का काम करते हैं, लेकिन कभी भी उनकी स्वास्थ्य जांच नहीं होती है. जबकि अन्य विभागों में कर्मियों की स्वास्थ्य जांच होती है. उन्होंने सरकार से मांगा की कि नगर परिषद अंतर्गत कार्यरत सभी कर्मियों का स्वास्थ्य जांच होना चाहिए, चाहे वह स्थाई या अस्थाई कर्मी हैं, सभी का जांच होना चाहिए.
अंतिम विदाई देने को जुटे कर्मी
इससे पहले सफाई निरीक्षक सनातन मुखी का पार्थिव शरीर नगर परिषद कार्यालय पहुंचा, तो अंतिम दर्शन के लिए काफी संख्या में लोगों के साथ उसके सहयोगी पहुंचे थे. इसके बाद उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. मौके पर मुख्य रूप से झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार सिन्हा, प्रदेश उपाध्यक्ष सदानंद होता, पूर्व वार्ड पार्षद दिनेश जेना, जगन्नाथ पासवान, विवेक कुमार, बसंत साव, रतन महतो, गुरू मुखी, अर्जुन रजक, महावीर लोहार, हरिशंकर महतो, आनंद प्रधान, पार्थ सारथी, शाहिद हसन, जकारियस बोदरा, बिरजू मुखी, दीपक महतो, राकेश मुखी, बबलू मुखी समेत सभी सफाई कर्मी मौजूद थे.
ये भी पढ़ें- Chaibasa : एकरारनामा के तहत ही दुकानों का भाड़ा वृद्धि तय हो – दुकानदार संघ




