
Ranchi: 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) को राजभवन, रांची में “एट होम समारोह” का आयोजन होगा. इसमें राज्य के 5 इंटरनेशनल प्लेयर्स को भी निमंत्रित किया गया है. इसमें इंटरनेशनल तीरंदाज कोमोलिका बारी और अंकिता भगत शामिल हैं. एथलेटिक्स में आशा किरण बारला, सुप्रीति कच्छप और सपना कुमारी भी शामिल की गयी है. इन खिलाड़ियों को इस कार्यक्रम में भागीदारी तय कराए जाने के संबंध में टाटा आर्चरी एकेडमी, टाटा की चीफ कोच पूर्णिमा महतो, साईं के वरीय एथलेटिक्स कोच विनोद कुमार सिंह और एथलेटिक्स कोच आशु भाटिया को भी सूचना दी गयी है. जिन पांच खिलाड़ियों का चयन किया गया है, उन्हें अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में विशिष्ट प्रदर्शन के आधार पर खेल निदेशालय, झारखंड के स्तर से फाइनल किया गया है.
गौरतलब है कि कोमोलिका बारी ने तीरंदाजी विश्व कप पेरिस 2021 में गोल्ड मेडल तथा यूथ आर्चरी चैंपियनशिप 2019 में गोल्ड मेडल हासिल किया था. अंकिता भगत ने तीरंदाजी विश्व कप पेरिस-2021 में गोल्ड मेडल जीता था. गुमला की आशा किरण बारला ने एशियन यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2022 में स्वर्ण पदक तथा खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में भी स्वर्ण पदक हासिल किया था. गुमला की सुप्रीति कच्छप ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 में राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक पाया था. रामगढ़ की सपना कुमारी ने 36वें राष्ट्रीय खेल 2022 में कांस्य पदक जीता था.
इसे भी पढ़ें: IND vs ENG: हैदराबाद टेस्ट मैच में भारतीय गेंदबाज़ों के सामने इंग्लैंड की टीम 246 रन बनाकर ऑल आउट




