
Chatra: चतरा में सक्रिय इंटरस्टेट नशा खुरानी गिरोह के विरुद्ध पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. एसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर प्रतिबंधित ब्राउन सुगर के खेप के साथ अंतरराज्यीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार करने में सुरक्षाबलों को सफलता हांथ लगी है. एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित सदर थाना पुलिस की स्पेशल टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के रामटुंडा फुटबॉल मैदान से ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री करते दो तस्करों देवकांत दांगी और मो.परवेज को गिरफ्तार किया है. साथ ही गिरफ्तार तस्करों के पास से करीब पौने दो लाख रुपये का 17 ग्राम ब्राउन शुगर, विभिन्न कंपनियों का दो मोबाइल फोन व तस्करी में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल जप्त किया गया है. एसडीपीओ अविनाश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गिद्धौर थाना क्षेत्र निवासी देवकांत दांगी और सदर थाना क्षेत्र के कठोतिया निवासी मोहम्मद परवेज ब्राउन शुगर की खरीद बिक्री को लेकर गिद्धौर और सदर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित रामटुंडा फुटबॉल मैदान में एकत्रित हुए हैं. सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में स्पेशल टीम का गठन किया गया. जिसमे प्रशिक्षु डीएसपी धनंजय राम, पुलिस अवर निरीक्षक प्रकाश सेठ, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक राम विनय सिंह समेत थाना के सशस्त्र बल के जवानों को शामिल किया गया था. टीम ने प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए फुटबॉल मैदान की घेराबंदी कर छापा मारकर दोनों तस्करों को पकड़ा है.उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ के आधार पर गिरोह में शामिल अन्य सफेदपोशों और तस्करों के अलावे माफियाओं के धरपकड़ को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस लगातार फरार तस्करों के धरपकड़ को लेकर छापामारी अभियान चला रही है. जल्द ही अन्य फरार तस्करों को भी दबोच कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. एसडीपीओ ने आम लोगों से भी तस्करों के हर गतिविधि की सूचना पुलिस को देते हुए गैरकानूनी कार्यो में संलिप्त नहीं रहने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें: एशियन लॉन बॉल चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम होगी तैयार, झारखंड के 8 प्लेयर्स का सेलेक्शन




