
New Delhi: करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी कर भागे शराब कारोबारी विजय माल्या के प्रत्यर्पण की उम्मीदें बढ़ गयी हैं. UK सरकार की तरफ से शराब कारोबारी विजय माल्या को तगड़ा झटका लगा है. UK होम सेक्रटरी साजिद जाविद ने सोमवार को माल्या के प्रत्यर्पण आदेश पर हस्ताक्षर कर दिये. गृह विभाग की ओर से बताया गया है कि विजय माल्या औपचारिक रूप से अभी अपील कर सकते हैं. अपने प्रत्यर्पण के खिलाफ अपील करने के लिए माल्या के पास 14 दिनों का समय है. इसे भारत की कूटनीतिक जीत के तौर पर देखा जा रहा है. किंगफिशर एयरलाइंस के प्रमुख रहे माल्या पर 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है. विजय माल्या (63) दिसंबर में ही ब्रिटेन की एक अदालत में अपने प्रत्यर्पण के खिलाफ कानूनी केस हार गया था. तब कोर्ट ने उसे भारत के हवाले करने की अनुमति दे दी थी.
मेरे खिलाफ मामले राजनीति से प्रेरितः माल्या
दरअसल, प्रत्यर्पण संधि की प्रक्रियाओं के तहत चीफ मैजिस्ट्रेट का फैसला होम सेक्रटरी के पास भेजा गया था क्योंकि माल्या के प्रत्यर्पण आदेश को जारी करने का अधिकार उनके पास ही है. ब्रिटेन में रह रहा शराब कारोबारी पिछले साल अप्रैल में प्रत्यर्पण वारंट पर गिरफ्तारी के बाद से जमानत पर है. हाल ही में माल्या ने ट्वीट कर दावा किया था कि उनकी कंपनी की 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की जा चुकी है. माल्या ने यह भी कहा था कि उसे कर्ज देने वाले बैंक ने इंग्लैंड में अपने वकीलों को उनके खिलाफ छोटे-मोटे मामले दर्ज करने की खुली छूट दी हुई है. माल्या अपने खिलाफ मामले को राजनीति से प्रेरित बताते रहे हैं. माल्या ने कहा था, ‘मैंने एक भी पैसे का कर्ज नहीं लिया. कर्ज किंगफिशर एयरलाइंस ने लिया. कारोबारी विफलता की वजह से यह पैसा डूबा है. गारंटी देने का मतलब यह नहीं है कि मुझे धोखेबाज बताया जाए.’
इसे भी पढ़ें – योगी आदित्यनाथ की हेलीकाॅप्टर की चास में होगी लैंडिंग, सड़क मार्ग से जायेंगे बंगाल



