
Ranchi : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के धनबाद लोकसभा से घोषित प्रत्याशी ढुल्लू महतो और उनके बेटे प्रशांत पर बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है. सोमवार को प्रेस वक्तव्य जारी करते कहा कि ढुल्लू के सुपुत्र प्रशांत कुमार के द्वारा खरीदी गई करीब 2.06 करोड़ ररुपये के जमीन का ब्यौरा उन्होंने 10 अप्रैल को सार्वजनिक किया था. प्रशांत कुमार द्वारा इसके अतिरिक्त गोविंदपुर अंचल के तुमादाहा मौजा में खाता संख्या- 83, 97 और 110 के करीब 11 प्लॉट खरीदने का प्रमाण सामने आया है, इसका कुल क्षेत्रफल 01 एकड़ 49 डिसमिल है. गोविंदपुर अंचल में जमीन खरीदने का सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम दर के अनुसार इन भूखंडों की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है. जमीन खरीद एवं म्यूटेशन तथा अंचल कार्यालय में दायर नामान्तरण मुकदमा संख्या 18905/2021-2022 है. सरयू ने इसके साथ इस जमाबंदी में दिये गये लगान का ब्यौरा भी जारी किया है.
भाजपा से सवाल
सरयू राय ने भाजपा के नेताओं को भी निशाने पर लिया है. कहा है कि भाजपा के उन नेताओं को जो मेरा ज्ञान मुझे अपने पास ही रखने की सलाह दे रहे हैं, उन्हें इन विवरणों की वस्तुस्थिति और सत्यता की जांच अपने सूत्रों से करा लेनी चाहिए. उसके बाद उन्हें इस बारे में अपनी प्रतिक्रिया देनी चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की घोषणा की कसौटी पर भाजपा के ऐसे उम्मीदवार खरा उतरते हैं या नहीं? इसके अतिरिक्त उनके पास भाजपा के इस घोषित उम्मीदवार और उनके परिवारजनों द्वारा खरीदी गई बड़ी संख्या में बेनामी अचल संपतियों और कंपनियों के नाम का विस्तृत ब्यौरा भी है. ये कंपनियां दो साल पूर्व दिवालिया होने के कगार पर पंहुच चुकी थीं. इन कंपनियों में विगत 04 वर्षों में अकूत अचल संपति खरीदा गया है, जिसमें हार्ड कोक उद्योग, फ्लावर मिल आदि के भूखंड, निर्मित ढांचा एवं मशीनरी शामिल है. इनमें से कई भूखंड गोविंदपुर अंचल के तुमादाहा मौजा में ही स्थित है. ये कंपनियां अभी भी ‘रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज’ के दस्तावेज में सक्रिय दिख रही है और जीएसटी एवं आयकर का भुगतान भी कर रही हैं. इन अचल परिसम्पतियों की कीमत उनके द्वारा कर देने योग्य कुल परिसम्पतियों के मूल्य की तुलना में काफी अधिक है. ऐसे व्यक्तियों और कंपनियों के बारे में प्राप्त सूचनाओं की मिलान आधिकारिक दस्तावेजों से करने के हाद वे शीघ्र ही इसे भाजपा नेताओं की जानकारी के लिए सार्वजनिक करेंगे ताकि वे नहीं चाहते हुए भी अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकें और उनका जमीर जग सके. ये मामले आय से अधिक सम्पति के ठोस उदाहरण हैं.
इसे भी पढ़ें – सरयू राय के निशाने पर ढुल्लू, भाजपा से सवाल- धनबाद प्रत्याशी की कारगुजारियों पर किये गये खुलासे पर पार्टी स्पष्टीकरण देगी या नहीं?



