
Jamshedpur: झारखंड में नक्सलियों ने एक बार फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाते हुए बड़ी घटना को अंजाम दिया है. मंगलवार तड़के सुबह नक्सलियों ने कुचाई थाना क्षेत्र के राय सिंदरी पहाड़ पर नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया.

सुबह के करीब 4:53 बजे हुए इस ब्लास्ट की चपेट में जंगल में नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चला रहे जवान आ गये. और कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस के 17 जवान जख्मी हो गये. ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज करीब पांच किमी के दायरे में सुनाई दी.
इसे भी पढ़ेंःएनटीपीसी व सीसीएल की लापरवाहीः डंप यार्ड से लेकर कांटा तक सुलगने लगी है अब आग

ब्लास्ट के बाद नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की. जिसका जवानों ने भी जवाब दिया. खबर लिखे जाने तक दोनों ओर से फायरिंग जारी थी.
दोनों ओर से हुए मुठभेड़ में चार नक्सलियों के मारे जाने की सूचना की भी है. हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
वहीं इस आईईडी ब्लास्ट में घायल सात जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायल जवान को हेलीकॉप्टर से मुठभेड़ स्थल पर से रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

गौरतलब है कि इससे पहले सरायकेला में ही 20 मई को नक्सलियों ने एक के बाद एक 21 आईईडी ब्लास्ट किया था. इसमें सुरक्षा बल के 3 जवान घायल हो गए थे.
इसे भी पढ़ेंःकांग्रेस: जिला स्तर के नेता ने प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ पार्टी मुख्यालय में की प्रेस कांफ्रेंस
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों के बड़े नेता सरायकेला क्षेत्र के घने जंगलों में बैठक कर रहे हैं. और किसी बड़ी घटना का अंजाम देने की योजना बना रहे हैं.

इसी सूचना पर सुरक्षा बल के जवान सुबह के करीब 4 बजे स्पेशल सर्च ऑपरेशन पर निकले थे. इसी दौरान कुचाई थाना क्षेत्र के रीडिंग जंगल में नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट कर दिया. जिसमें 209 कोबरा बटालियन और झारखंड पुलिस के 17 जवान घायल हो गए.
दोनों ओर से जारी है फायरिंग
पुलिस के सर्च अभियान के दौरान रीडिंग के घने जंगल में जमे नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग करनी शुरू कर दी .जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुये जवाबी कार्रवाई की.
दोनों ओर से काफी देर से फायरिंग चल रही है. वहीं नक्सलियों की धर-पकड़ के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल के जवान को भेजा गया है और जंगलों में सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है.

माओवादी सुप्रीमो कर चुका है सरायकेला क्षेत्र में बैठक
मिली जानकारी के अनुसार, माओवादियों का सुप्रीमो नंबला केशवराव उर्फ बसवाराज झारखंड में संगठन को मजबूत करने के लिए सरायकेला-खरसांवा के इलाके में बैठक कर चुका है.
बसवाराज ने इसकी जिम्मेदारी 25 लाख के इनामी पतिराम मांझी उर्फ अनल को दी है. मिलिट्री कमीशन में अनल को प्रमोशन दिया गया है.
अनल वर्तमान में 15 लाख के इनामी महाराज प्रमाणिक व दस लाख के इनामी अमित मुंडा के साथ इलाके में कैंप कर रहा है. इन्हीं नक्सलियों के द्वारा इस इलाके में पुलिस पर लगातार हमला किया जा रहा है.
20 मई को भी हुआ था नक्सली हमला
इससे पहले 20 मई को झारखंड के सरायकेला-खरसावां में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे. घायल जवानों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
सरायकेला जिले के कुचाई थानांतर्गत हुडंगा के पास शुरू सिंचाई परियोजना के तहत बन रहे डैम के पास 20 मई की सुबह नौ से साढ़े नौ बजे के बीच नक्सलियों ने बम विस्फोट किया था.
इसे भी पढ़ेंःधरोहर के साथ छेड़छाड़, हाईकोर्ट में मामला लंबित, इसके बावजूद जारी है निर्माण
हमले की बीजेपी ने की निंदा
सरायकेला में हुए हमले की बीजेपी ने कड़ी निंदा की है. पार्टी प्रवक्ता प्रफुल्ल शाहदेव ने घटना को कायरतापूर्ण बताते हुए कहा कि नक्सलियों को हमारे जवान मुहंतोड़ जवाब देंगे.
साथ ही कहा कि सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों पर पीछे से हमला करने को नक्सलियों की बौखलाहट बताया. जवानों के जब्बे की तारीफ करते हुए कहा कि हमले के बावजूद नक्सली एक भी हथियार नहीं लूट पाये.




