
New Delhi: जी-20 शिखर सम्मेलन से पहले दिल्ली में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने की योजना है. 6 फरवरी से 15 दिन तक एमसीडी विशेष अभियान चलाएगी. इसके अलावा दीवारों, मेट्रो पिलर आदि पर चिपके पोस्टर, चौराहों पर लगे गैर जरूरी होर्डिंग हटेंगे, कूड़ा व मलबे की साफ-सफाई की जाएगी.
दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव की ओर से खाका तैयार कर एमसीडी को सौंपा गया है. एमसीडी के साथ पीडब्ल्यूडी, डीडीए और अन्य एजेंसियों का अभियान में पूरा सहयोग होगा. निगम का कहना है कि सड़कें किसी भी शहर के चरित्र को परिभाषित करती हैं. जी-20 में आने वाले गणमान्य अतिथियों के लिए सड़कों को और निखारने व साफ सुथरा बनाने के लिए यह निर्णय लिया गया है. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर की सड़कों को नया रूप देना है.
ओवरहेड केबल हटेंगी
ओवरहेड तार भी सड़कों पर बदसूरत व अस्तव्यस्त दिखती हैं, जहां भी संभव होगा इन्हें संबंधित एजेंसियों द्वारा हटाया जाएगा. एमसीडी ने हाल ही में महरौली इलाके में ओवरहेड तारें हटवाईं हैं. इसके अलावा बरसाती पानी की नालियों की प्राथमिकता के आधार पर सफाई कराई जाएगी और जहां मेनहोल कवर गायब हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा. दिल्ली पुलिस की ओर से पहचाने गए ब्लैक स्पॉट पर रोशनी लगाई जाएगी.
अभियान के दौरान पुलिस संभालेगी यातायात व्यवस्था
अभियान के दौरान अन्य एजेंसियों से समन्वय से अस्थायी, स्थायी अतिक्रमण को हटाया जाएगा. यातायात और पैदल चलने वालों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दिल्ली यातायात पुलिस सहयोग करेगी. सड़कों से सभी प्रकार के कचरे, मलबे, पोस्टर, होर्डिंग को हटाया जाएगा.




