
Latehar : पलामू टाइगर रिजर्व के घने जंगल में सोमवार की सुबह हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गयी. हाथियों ने अधेड़ को पटक-पटक कर मार डाला. ग्रामीण का क्षत-विक्षत शव मौके से बरामद किया गया. घटना लातेहार जिले के गारू प्रखंड के कुजरूम के समीप शिव सेमर नामक स्थान पर हुई. मृतक की पहचान कुजरूम निवासी मनु उरांव (55) के रूप में की गयी.
इसे भी पढ़ें – विधानसभा में विपक्ष के हंगामे के बीच वित्त मंत्री ने पेश किया 7323 करोड़ का दूसरा अनुपूरक बजट
बताया जाता है कि मनु उरांव अपने मवेशियों को देखने के लिए पास के जंगल में गया था. इसी बीच जंगली हाथियों ने उसे अपनी चपेट में लिया और कुचल कर मार डाला. साथ ही उसके शव को बुरी तरह से क्षत-विक्षत कर दिया.
मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने बताया कि मनु उरांव मवेशी खोजने के लिए घर से सुबह 6 बजे निकले थे. बाद में घर से एक किमी दूर पर ही हाथियों ने पटक कर मार दिया. हाथियों के हमले में शव क्षत-विक्षत हो गया. ग्रामीण मनोज उरांव और रंजीत उरांव ने बताया कि मृतक के पांच बच्चे हैं.
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस को घटना जानकारी दी. जानकारी मिलते ही वनकर्मियों की एक टीम मौके पर पहुंची. बाद में बारेसांढ़ के रेंजर तरुण कुमार भी थाना पहुंचे और कागजी कार्रवाई शुरू कर दी. शव को मौके से उठा कर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजा गया. रेंजर तरुण कुमार ने बताया कि जरूरी कागजी कारवाई पूरी कर मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपया मुआवजा दिलाया जायेगा.
इसे भी पढ़ें – पेट्रोलियम पदार्थों में मूल्यवृद्धि के खिलाफ गिरिडीह झामुमो ने दिया धरना



