
Ranchi : राज्य सरकार के दिशा निर्देश के अनुसार विश्वविद्यालय ने काम करना शुरू कर दिया है. काम की आवश्यकता को देखते हुए कर्मचारियों को बुलाया जायेगा. कई अधिकारी आने भी लगे हैं.
अब जल्द ही फाइनल परीक्षा लेने पर भी विचार किया जायेगा. आज रांची विश्वविद्यालय में कोविड सेल की बैठक के बाद प्रभारी वीसी डॉ कामिनी कुमार ने उक्त बातें कहीं. वे इस बैठक अध्यक्षता कर रही थीं.
बैठक के बाद उन्होंने कहा कि आज की बैठक में विश्वविद्यालय के परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गये. डॉ कामिनी कुमार ने बताया कि सरकार के चिट्ठी के अनुरूप विश्वविद्यालय में भी अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
इसे भी पढ़ें :दिल्ली हाइकोर्ट ने जूही चावला पर लगाया 20 लाख का जुर्माना, 5जी टेक्नोलॉजी पर दायर याचिका खारिज
सरकार की अनुमति मिलने के बाद विश्वविद्यालय फाइनल सेमेस्टर की परीक्षाएं ऑफलाइन आयोजित करेगा. उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में करीब डेढ़ लाख विद्यार्थी पढ़ते हैं. इसलिए उनका ऑनलाइन परीक्षा लेना संभव नहीं है.
फाइनल सेमेस्टर की परीक्षा ऑफ लाइन ही ली जायेगी. मिड सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाएं कॉलेज अपने अपने स्तर से कंडक्ट करा रहे हैं.
ऑटोनोमस कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्य होने के सवाल के जवाब में कहा कि ऐसा कहीं नहीं लिखा है कि ऑटोनोमस कॉलेजों में प्रभारी प्राचार्य नहीं रह सकते.
बैठक के बाद डीएसडब्ल्यू डॉ राजकुमार शर्मा ने कहा कि बैठक में हमलोगों ने सेमेस्टर टू और सेमेस्टर फोर की परीक्षाओं पर चर्चा की. इसमें चर्चा हुई कि कितने विद्यार्थियों ने फॉर्म भरा है.
इसे भी पढ़ें :ब्लैक फंगस को लेकर हैं परेशान तो डायल करें 6203709250 हेल्पलाइन नंबर, 24 घंटे में मिलेगी जानकारी
ऑनलाइन परीक्षाओं में लिए जाने वाले परीक्षा शुल्क के सवाल के जवाब मे उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जब 10-15 पेज का जवाब लिखते हैं, तब उसे डाउनलोड करने मे पेपर और इंटरनेट का खर्च लगता है, इसके लिए 500 रुपये लगते हैं, जो बहुत ज्यादा नहीं है.
बता दें कि दो दिन पहले राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू की राज्य के सभी विश्वविद्यालय के कुलपतियों के साथ वर्चुअल मीटिंग हुई थी, जिसमें राज्यपाल की सभी कुलपतियो के साथ सेशन के नियमतीकरण पर चर्चा हुई थी. साथ ही राज्यपाल द्वारा मीटिंग में ऑनलाइन क्लास पर फोकस करने पर जोर दिया गया था.
इसे भी पढ़ें :पर्यटन और होटल समेत कई सेक्टरों के लिए रिजर्व बैंक ने दी 15,000 करोड़ रुपये की नकदी सुविधा




